शरद पवार की पार्टी NCP (SP) परिसीमन बिल पर केंद्र सरकार को समर्थन देगी। पार्टी के विधायक जितेंद्र आव्हाड ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने दावा किया कि शरद पवार के साथ चर्चा के बाद यह फैसला लिया गया है। वहीं, सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि समर्थन के बदले NCP (SP) की सांसद और शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले को केंद्र में मंत्री बनाया जा सकता है। पार्टी ने राज्य सरकार में एक कैबिनेट और दो राज्य मंत्री पद भी मांगे हैं। पार्टी के पास महाराष्ट्र विधानसभा में 10 विधायक और लोकसभा में 8 सांसद हैं। संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से लोकसभा और 2 दिसंबर से राज्यसभा में शुरू होना है।

इस बीच महाराष्ट्र कांग्रेस ने शरद पवार की पार्टी के इस फैसले पर नाराजगी जताई है। पार्टी ने X पर पोस्ट कर कहा कि इसी साल राज्यसभा चुनाव में शरद पवार को जिताने के लिए उसने अपनी सीट पर दावा छोड़ दिया था। उस समय NCP-SP के पास सिर्फ 10 विधायक थे, जबकि एक राज्यसभा सीट जीतने के लिए 36 वोट चाहिए थे। कांग्रेस के मुताबिक, सुप्रिया सुले ने राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे से अपने पिता के लिए समर्थन मांगा था। इसके बाद महाविकास अघाड़ी ने सर्वसम्मति से पवार की उम्मीदवारी का समर्थन किया था। कांग्रेस ने सवाल उठाया कि अब वही शरद पवार और उनकी पार्टी भाजपा सरकार के परिसीमन बिल का समर्थन क्यों कर रहे हैं।

बता दें कि परिसीमन बिल संसद से पास होने पर लोकसभा और देश की सभी विधानसभाओं की सीटें 50% बढ़ जाएंगी। लोकभा में अभी 543 सीटें हैं, जो बढ़ोतरी के बाद 815 हो जाएंगी। सीटों की संख्या 1971 की जनगणना से और संसदीय क्षेत्रों की सीमाओं का परिसीमन 2011 की जनगणना के आधार पर होगा। सरकार परिसीमन बिल को 30 नवंबर से शुरू हो रहे संसद के विशेष सत्र में पास कराना चाहती है। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्ष से बिल पर बहस में हिस्सा लेने की अपील की है, जबकि कांग्रेस का आरोप है कि सरकार बिल पास कराने के लिए धोखे से बहुमत जुटा रही है।

उल्लेखनीय है कि 16 अप्रैल को संसद में परिसीमन से जुड़ा बिल पास नहीं हो सका था। विधेयक के पक्ष में 298 और विरोध में 230 सांसदों ने वोट दिया था। संविधान संशोधन के लिए दो-तिहाई समर्थन की जरूरत थी, इस हिसाब से विधेयक 54 वोट से पास नहीं हो सका। लोकसभा में NDA के साथ 320 सांसद हैं और 3 सीटें खाली हैं, यानी दो-तिहाई के आंकड़े से NDA अभी 40 वोट पीछे है। राज्यसभा में NDA के साथ 151 सांसद हैं और 243 सांसद वोट करेंगे, इस हिसाब से NDA 11 वोट पीछे है।