वॉशिंगटन: अमेरिका के मध्यावधि चुनाव में डेमोक्रेट्स ने डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी को हराकर कांग्रेस के दोनों सदनों में बहुमत हासिल कर लिया है। कांग्रेस पर नियंत्रण मिलने के बाद डेमोक्रेट्स ने ट्रंप पर शिकंजा कसने के संकेत दिए हैं। एनवाई पोस्ट के अनुसार, डेमोक्रेट्स जनवरी 2021 में हुई कैपिटल हिल हिंसा की जांच की फाइल फिर से खोलने की तैयारी कर रहे हैं। इसमें हमले में ट्रंप की भूमिका की जांच और इसमें शामिल लोगों को दी गई माफी की समीक्षा शामिल है। इसके अलावा भ्रष्टाचार, मतदान के अधिकार और स्टॉक ट्रेडिंग से जुड़े कानूनों पर भी काम हो रहा है।

रिपोर्ट के मुताबिक, डेमोक्रेट्स उन पूर्व सरकारी वकीलों को काम पर रख रहे हैं, जिन्होंने 6 जनवरी के मामलों पर काम किया था, ताकि जांच में उनकी मदद ली जा सके। डेमोक्रेट्स कैपिटल हमले की बरसी मनाने की भी योजना बना रहे हैं। 2022 में हाउस पर नियंत्रण खोने के बाद ऐसा पहली बार होगा। पार्टी एक ऐसे कानून पर भी विचार कर रही है, जो ट्रंप प्रशासन को करदाताओं के पैसे का इस्तेमाल उन लोगों को भुगतान करने से रोकेगा, जिन्हें राष्ट्रपति की ओर से माफी मिली है।

वाइट हाउस की प्रवक्ता लॉरेन बिस ने इन योजनाओं की आलोचना की है। उन्होंने कहा कि अमेरिकियों का जीवन बेहतर बनाने के लिए काम करने के बजाय डेमोक्रेट्स 6 जनवरी को लेकर अपने पुराने जुनून में उलझे रहना चाहते हैं और उन्हें इससे आगे बढ़कर लोगों के लिए काम करना चाहिए।

इस बीच, संघीय अदालतें 6 जनवरी की घटना से जुड़े 1,500 आरोपियों को ट्रंप की ओर से दी गई माफी के दायरे पर भी विचार कर रही हैं। माफी पाने वाले 100 से अधिक लोगों ने संघीय सरकार से मुआवजे की मांग करते हुए 19 मुकदमे दायर किए हैं। हफपोस्ट के अनुसार, कांग्रेस सदस्यों की ओर से स्टॉक ट्रेडिंग पर प्रतिबंध लगाने के मामले में डेमोक्रेट्स सबसे पहले कदम उठा सकते हैं, जिसे नए सदस्यों का पूरा और रिपब्लिकन पार्टी के कुछ सदस्यों का समर्थन मिल रहा है।