उत्तर प्रदेश में अकवान चक्रवात के प्रभाव की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग ने बुधवार की सुबह सोशल मीडिया पर चक्रवात का रुख पश्चिम से होकर उत्तर की ओर होने का अनुमान जताया है। विभाग के अनुसार यह चक्रवात अगले 48 से 72 घंटों में सक्रिय हो सकता है और पूर्वांचल के रास्ते उत्तर प्रदेश में दाखिल हो सकता है।

इस बीच पूर्वांचल में गलन का दौर शुरू हो चुका है। बीते चौबीस घंटों में अधिकतम तापमान 29.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.1 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 13.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.2 डिग्री कम है। आर्द्रता न्यूनतम 69 प्रतिशत और अधिकतम 81 प्रतिशत दर्ज की गई। पारा सामान्य से कम चल रहा है और अंचलों में सुबह घना कोहरा भी होने लगा है।

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण बंगाल की खाड़ी के मध्य भागों और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर गंभीर चक्रवाती तूफान अकवान के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यह तूफान छह घंटों के दौरान करीब तीन किमी प्रति घंटे की गति से उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ा है और और अधिक तीव्र होकर गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल गया है।

बुधवार की सुबह 05:30 बजे यह चेन्नई से लगभग 580 किमी पूर्व, त्रिंकोमाली से 650 किमी उत्तर-पूर्व, मछलीपट्टनम से 610 किमी दक्षिण-पूर्व, विशाखापत्तनम से 610 किमी दक्षिण-दक्षिण-पूर्व और गोपालपुर से 730 किमी दक्षिण में स्थित रहा। उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ते हुए इसके 20 नवंबर 2026 की दोपहर के आसपास आंध्र प्रदेश और यनम तटों के बीच पार करने की संभावना है। उस समय हवा की निरंतर गति 100-110 किमी प्रति घंटा रहने और झोंकों के साथ 120 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।