दिल्ली डेवलपमेंट अथॉरिटी (DDA) 23वें चरण की मेगा ई-नीलामी के तहत रोहिणी में 19 रेजिडेंशियल प्लॉट बेच रही है। इन प्लॉट्स का रिजर्व प्राइस करीब 79 लाख रुपये से शुरू होता है। यह नीलामी उन लोगों के लिए अवसर है जो तैयार फ्लैट के बजाय अपनी जरूरत के अनुसार मकान बनाना चाहते हैं।

DDA ने 30 अक्टूबर 2026 को 23वें चरण की ई-नीलामी की घोषणा की थी, जिसमें दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में रेजिडेंशियल, कमर्शियल और इंडस्ट्रियल प्रॉपर्टी बेची जानी हैं। 17 नवंबर को नया सर्कुलर जारी होने के बाद रेजिडेंशियल प्लॉट की संख्या 31 हो गई, जिनमें से 19 रोहिणी में हैं। ये प्लॉट रोहिणी के अलग-अलग सेक्टरों में हैं और इनका साइज व रिजर्व प्राइस अलग-अलग है। सबसे छोटे 32 वर्ग मीटर प्लॉट का रिजर्व प्राइस 79.93 लाख रुपये है, जबकि बड़े प्लॉट की कीमत 10.88 करोड़ रुपये तक है। यह नीलामी की शुरुआती कीमत है, अंतिम कीमत बोली से तय होगी।

रोहिणी में फिलहाल रेड और येलो लाइन मेट्रो की सुविधा है। फेज-4 में बन रहे रिठाला-नरेला-कुंडली कॉरिडोर से सेक्टर-25, 34 और 36 के मेट्रो नेटवर्क से जुड़ने की उम्मीद है। UER-II (NH-344M) के जरिए NH-44, द्वारका एक्सप्रेसवे और IGI एयरपोर्ट तक आना-जाना आसान है।

ई-नीलामी के लिए रजिस्ट्रेशन 31 अक्टूबर 2026 को सुबह 11 बजे शुरू हुआ था और बयाना राशि (EMD) जमा करने की आखिरी तारीख 29 नवंबर 2026 शाम 6 बजे है। इच्छुक खरीदार 27 नवंबर 2026 तक रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। रजिस्ट्रेशन बंद होने के बाद नीलामी की तारीखों का एलान DDA की वेबसाइट, नीलामी पोर्टल और रजिस्टर्ड आवेदकों को ईमेल से किया जाएगा। आवेदन dda.enivida.com पर किया जा सकता है, जहां टेंडर डाउनलोड कर प्लॉट चुनना और जरूरी दस्तावेज व EMD जमा करना होता है। बोली लगाने वालों के लिए डिजिटल सिग्नेचर अनिवार्य है।

खरीदारों को प्लॉट की कीमत के अलावा स्टांप शुल्क, रजिस्ट्रेशन, टैक्स और अन्य शुल्क तथा मकान बनाने का बजट भी ध्यान में रखना चाहिए। बोली से पहले प्लॉट का क्षेत्रफल, लोकेशन, सड़क व परिवहन स्थिति, पानी-बिजली-सीवर कनेक्शन, पेमेंट का तरीका और पजेशन की तारीख जांच लें। लोन लेकर खरीदने की योजना हो तो पहले बैंक से मंजूरी पक्की करें।