दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने बिहार के मुजफ्फरपुर से ड्रग्स लाकर जींद, रोहतक और दिल्ली-सोनीपत सीमा से सटे गांवों में बेचने के आरोप में यश बिश्नोई को गिरफ्तार किया है। आरोपित के कब्जे से 656 ग्राम अफीम और 21 ग्राम एमडीएमए बरामद हुआ। क्राइम ब्रांच के डीसीपी चंद्र कुमार सिंह के अनुसार, 25 नवंबर की शाम करीब सात बजे एसआइ प्रवीर सिंह अपनी टीम के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान रोहिणी सेक्टर-34 स्थित बस स्टॉप के पास बवाना नहर पुल की तरफ से कमर पर बैग लटकाए एक संदिग्ध युवक आता दिखाई दिया। क्राइम ब्रांच की जैकेट पहने पुलिसकर्मियों को देखकर वह घबरा गया और मुड़कर बवाना नहर की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा कर उसे दबोच लिया।
पकड़े गए आरोपित की पहचान जींद के पिल्लूखेड़ा निवासी यश बिश्नोई के रूप में हुई। उसके बैग की तलाशी में 656 ग्राम अफीम और 21 ग्राम एमडीएमए मिला। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि 2015 में उसके पिता सुभाष ने मुरादाबाद में अपने एक सहकर्मी (चौकीदार) की हत्या की थी और तब से वह फरार है। इसके बाद उसकी मां बबीता ने पिल्लूखेड़ा निवासी पवन से दूसरी शादी कर ली।
पूछताछ के अनुसार, यश 2016 से अलग-अलग रूटों पर ट्रक और अन्य वाहन चलाकर अपना गुजारा कर रहा था। इसी दौरान उसे अफीम के नशे की लत लग गई और वह हाईवे के ढाबों से अफीम लेकर पीने लगा। जल्द पैसा कमाने के लालच में वह 2022 से मुजफ्फरपुर से अफीम और एमडीएमए खरीदकर लाने लगा और जींद, रोहतक तथा सोनीपत से सटे दिल्ली के बाहरी गांवों में इसकी सप्लाई करने लगा। पुलिस के अनुसार आरोपित पिछले कई साल से तस्करी का धंधा कर रहा था।
