भारतीय रेल ने स्वच्छता पखवाड़ा-2026 की रिपोर्ट जारी कर दी है। 17 सितंबर से दो अक्टूबर तक स्वच्छता ही सेवा और एक से 15 अक्टूबर तक स्वच्छता पखवाड़ा के तहत चलाए गए विशेष अभियान में देश के 18 जोनल रेलवे ने तय लक्ष्य से अधिक काम किया है। सभी जोनल रेलवे ने मिलकर 1,15,459 सीटीयू ट्रांसफॉर्मेशन पूरे किए, जो उन्हें दिए गए लक्ष्य का 152.4 प्रतिशत है। सभी जोन अपने लक्ष्य से आगे निकले हैं।

सीटीयू यानी क्लीनलीनेस टारगेट यूनिट स्वच्छता ही सेवा के तहत चलाया जाने वाला विशेष अभियान है। इसका उद्देश्य उपेक्षित और सबसे गंदे स्थानों यानी ब्लैक स्पॉट्स को चिन्हित कर उन्हें स्वच्छ और उपयोगी सार्वजनिक स्थानों में बदलना है। ऐसे स्थानों को पोर्टल पर जियो टैग कर सीटीयू के रूप में दर्ज किया गया है।

18 जोनों में उत्तर मध्य रेल (एनसीआर) ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया है। एनसीआर का लक्ष्य 3,500 था, जबकि उसने 13,648 सीटीयू ट्रांसफॉर्मेशन किए, यानी 390 प्रतिशत। दूसरे नंबर पर दक्षिण पूर्व रेल और तीसरे स्थान पर पश्चिम मध्य रेल है। दोनों जोन धनबाद रेल मंडल के पड़ोसी हैं।

पूर्व मध्य रेल (ईसीआर) ने लक्ष्य से बेहतर प्रदर्शन के बावजूद 18 जोनों में 17वां स्थान पाया है। ईसीआर का लक्ष्य 6,300 था और उसने 6,376 सीटीयू ट्रांसफॉर्मेशन किए, यानी 101 प्रतिशत। दक्षिण पूर्व रेल ने 3,100 के लक्ष्य के मुकाबले 7,619 ट्रांसफॉर्मेशन (252 प्रतिशत) और पश्चिम मध्य रेल ने 2,600 के लक्ष्य के मुकाबले 5,467 ट्रांसफॉर्मेशन (210 प्रतिशत) किए।