दिल्ली पुलिस की इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशंस (IFSO) यूनिट ने कंबोडिया में सक्रिय अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी गिरोह को म्यूल अकाउंट मुहैया कराने के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान अनीश खान (31), इंतखाब (27), अल्ताफ हुसैन (45), मोहम्मद महफूजुर रहमान (41) और इजहार आलम (34) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी अलग-अलग लोगों के बैंक खाते हासिल कर साइबर ठगों को देते थे, जिनके जरिए ठगी की रकम मंगाई जाती थी और फिर उसे दूसरे खातों में ट्रांसफर कर ठिकाने लगाया जाता था। एक म्यूल अकाउंट में करीब दो करोड़ रुपये के संदिग्ध ट्रांजैक्शन का पता चला है। IFSO टीम ने HDFC बैंक के अधिकारियों के साथ मिलकर पूरी रकम होल्ड करा दी। इस कार्रवाई से आंध्र प्रदेश में दर्ज साइबर ठगी के दो मामले भी सुलझाए गए हैं। आरोपियों के पास से M/s MR Traders के बैंक खाते की चेक बुक और 6 मोबाइल जब्त किए गए हैं।
IFSO डीसीपी गौरव त्यागी ने बताया कि स्पेशल सेल में दर्ज FIR की जांच के दौरान म्यूल अकाउंट उपलब्ध कराने वाले गिरोह की जानकारी मिली थी। पता चला कि गिरोह के कुछ सदस्य द्वारका के एक होटल में ठहरे हैं और HDFC बैंक में M/s MR Traders के नाम से खुले अकाउंट का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम के लेनदेन के लिए कर रहे हैं। पुलिस टीम ने छापा मारकर संदिग्धों को पकड़ा। यह ऑपरेशन IFSO के ACP विवेकानंद झा की देखरेख में पूरा किया गया।
आरोपियों के मोबाइल की जांच में 'SMS TOOLS' नाम का संदिग्ध ऐप मिला, जिसे फोन पर आने वाले SMS और बैंकिंग OTP अपने आप विदेश में बैठे साइबर अपराधियों तक पहुंचाने के लिए कॉन्फिगर किया गया था। पुलिस को मोबाइल से वॉट्सऐप और टेलिग्राम चैट, क्रिप्टोकरेंसी लेनदेन का ब्योरा और अन्य डिजिटल सबूत भी मिले हैं। जांच में 7 टेलिग्राम चैनलों का पता चला है, जिनका इस्तेमाल म्यूल अकाउंट्स की खरीद-फरोख्त के लिए किया जा रहा था। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों, विदेश में बैठे हैंडलरों, अतिरिक्त म्यूल अकाउंट्स और ठगी की रकम के पूरे मनी ट्रेल का पता लगा रही है।
