दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण से फिलहाल राहत के आसार नहीं हैं। शनिवार सुबह राजधानी दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 250 के पार दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, सुबह करीब 8 बजे आनंद विहार में AQI 279 रहा, जबकि चांदनी चौक आज सबसे प्रदूषित इलाका रहा, जहां AQI 317 रिकॉर्ड किया गया।
दिल्ली से सटे गाजियाबाद और नोएडा में शनिवार को AQI 300 से नीचे रहा। वहीं, हरियाणा के गुरुग्राम में भी AQI 250 से कम दर्ज किया गया। हालांकि, पिछले कई दिनों से इन शहरों में इसी के आसपास आंकड़ा दर्ज हो रहा है। ये आंकड़े CPCB की वेबसाइट से लिए गए हैं।
CPCB के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली का AQI लगातार तीसरे दिन बढ़कर 226 पर पहुंच गया। इससे पहले गुरुवार को यह 224 और बुधवार को 220 दर्ज किया गया था। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 9.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से कम रहा, जबकि अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस रहा। शुक्रवार को 57 निगरानी केंद्रों में से 36 पर हवा खराब श्रेणी में रही, 17 केंद्रों पर AQI मध्यम और चार केंद्रों पर बेहद खराब श्रेणी में दर्ज किया गया। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-3 केंद्र पर स्थिति सबसे खराब रही, जहां AQI 346 दर्ज हुआ।
मौसम विभाग के वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी तंत्र के अनुमान के मुताबिक, शनिवार को हवा खराब श्रेणी में ही रहने की आशंका है, जबकि रविवार को यह बहुत खराब श्रेणी में पहुंच सकती है। वाहनों से निकलने वाला धुआं हवा में पीएम 2.5 प्रदूषण का सबसे बड़ा कारण बना हुआ है।
