नई दिल्ली। राजधानी में रेलवे के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए 8,976 करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर काम चल रहा है। इनमें रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास, यात्री सुरक्षा को मजबूत करना और पटरियों के दोहरीकरण जैसे कार्य शामिल हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि केंद्र और दिल्ली सरकार मिलकर राजधानी के बुनियादी ढांचे को आधुनिक बनाने तथा जनसुविधाओं को बेहतर करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

सीएम ने बताया कि दिल्ली के 13 रेलवे स्टेशनों — नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली, हजरत निजामुद्दीन, आनंद विहार टर्मिनल, कैंट, सराय रोहिल्ला, शाहदरा, नरेला, सफदरजंग, बिजवासन, सब्जी मंडी, तिलक ब्रिज और आदर्श नगर — का पुनर्विकास किया जा रहा है। इन स्टेशनों पर प्रवेश और निकास व्यवस्था को बेहतर बनाने, भवनों के आधुनिकीकरण, प्रतीक्षालय, बैठने की व्यवस्था, शौचालय, पेयजल सुविधाओं, प्लेटफॉर्म शेड, फुट ओवरब्रिज, लिफ्ट और एस्केलेटर के विकास पर काम हो रहा है। पार्किंग, दिव्यांगजन के लिए सुगम पहुंच, बेहतर सूचना प्रणाली और शहर के दोनों ओर स्टेशन की कनेक्टिविटी मजबूत करने पर भी जोर दिया जा रहा है।

सरकार ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए दिल्ली में रेलवे विकास के लिए 2,711 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड बजट निर्धारित किया है। नई दिल्ली-वाराणसी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन शुरू होने से दिल्ली और उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों के बीच यात्रा अधिक सुविधाजनक होगी। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर अजमेरी गेट की ओर होल्डिंग एरिया का निर्माण पूरा हो चुका है और पुनर्विकास कार्य भी शुरू हो गया है। हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर सराय काले खां की ओर दूसरे प्रवेश द्वार का पुनर्विकास किया जा रहा है।