पटियाला हाउस कोर्ट ने रंगपुरी गांव में 15 साल पहले बिना नोटिस मकान ढहाए जाने के मामले में दिल्ली सरकार, ग्राम सभा और एसडीएम को तीन लाख रुपये हर्जाना देने का आदेश दिया है। अदालत ने कहा कि जमीन सरकारी या ग्राम सभा की होने पर भी लंबे समय से काबिज व्यक्ति को हटाने के लिए कानूनी प्रक्रिया अपनाना जरूरी है।
जिला न्यायाधीश साक्षी सेजवाल ने यह टिप्पणी करते हुए मुआवजे की राशि पर मुकदमा दायर करने की तारीख से भुगतान तक छह प्रतिशत सालाना ब्याज देने का भी निर्देश दिया। अदालत ने स्पष्ट किया कि याचिकाकर्ता जमीन का मालिकाना हक साबित नहीं कर पाया, लेकिन वर्ष 2005 की राजस्व संबंधी रिपोर्ट, गवाहों के बयान और अन्य साक्ष्यों से यह साबित हुआ कि वह तोड़फोड़ से पहले लंबे समय से जमीन पर काबिज था। अदालत ने कहा कि मकान, आजीविका और पशुओं के आश्रय का नुकसान हुआ है।
मामले के अनुसार, रंगपुरी गांव निवासी नंद किशोर प्रजापति का दावा था कि उसका परिवार तीन पीढ़ियों से खसरा नंबर 609/2 की 10 बिस्वा जमीन पर रह रहा था। यहां उसका कच्चा-पक्का मकान था, जहां परिवार मिट्टी के बर्तन बनाने और निर्माण सामग्री की आपूर्ति का काम भी करता था। इसके लिए उसने छह खच्चर, एक गधा और दो घोड़े पाल रखे थे।
याचिकाकर्ता के अनुसार, 20 सितंबर 2011 को जब वह एक अन्य मामले में दिल्ली हाई कोर्ट गया हुआ था, तभी सरकारी अधिकारियों ने पुलिस की मौजूदगी में जेसीबी से उसका मकान और चारदीवारी ढहा दी। इस दौरान तैयार मिट्टी के बर्तन भी नष्ट हो गए और पशु खुले में आ गए। उसका आरोप था कि तोड़फोड़ से पहले न तो कोई नोटिस दिया गया और न ही सुनवाई का अवसर मिला।
