दिल्ली हाई कोर्ट ने AI-आधारित फेशियल रिकग्निशन कैमरों से जुटाए गए चेहरे के बायोमीट्रिक डेटा को केवाईसी के अलावा इस्तेमाल और साझा करने पर अंतरिम रोक लगा दी है। न्यायमूर्ति जसमीत सिंह की पीठ ने तीन कंपनियों को यह डेटा किसी तीसरे पक्ष, यहां तक कि अपनी समूह कंपनियों के साथ भी साझा न करने का निर्देश दिया। पीठ ने कहा कि बैंकिंग और AI-आधारित धोखाधड़ी बढ़ने के दौर में निजता अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रतिवादी कंपनी नो योर कस्टमर (केवाईसी) के लिए इस डेटा का इस्तेमाल जारी रख सकती है।
पीठ ने कहा कि याचिकाकर्ता की चिंताएं जायज हैं और प्रथम दृष्टया मजबूत मामला बनता है। बायोमीट्रिक डेटा को केवाईसी से इतर इस्तेमाल करने की अनुमति से उसके दुरुपयोग का खतरा हो सकता है। अदालत ने कहा कि अंतरिम सुरक्षा न मिलने पर याचिकाकर्ता को ऐसी क्षति हो सकती है जिसकी भरपाई धन से संभव नहीं होगी। मामले को चार दिसंबर को कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश की अध्यक्षता वाली पीठ के समक्ष सूचीबद्ध करने को कहा गया है, जहां निजता नीति को चुनौती देने सहित याचिकाकर्ता की अन्य मांगों पर विचार होगा।
याचिकाकर्ता ने सभी ग्राहकों के लिए इसी तरह के संरक्षण की मांग की, लेकिन पीठ ने कहा कि वह मौजूदा अधिकार क्षेत्र में ऐसा आदेश नहीं दे सकती और मामला दो सदस्यीय पीठ के समक्ष रखने का निर्देश दिया। यह आदेश वरिष्ठ अधिवक्ता अमित प्रसाद के माध्यम से याचिकाकर्ता धनंजय भोले की याचिका पर सुनवाई के दौरान दिया गया।
याचिका में आरोप लगाया गया है कि प्रतिवादियों के स्टोर में लगे कैमरे ग्राहकों और गैर-ग्राहकों की तस्वीरें लेकर उनकी प्रोफाइलिंग करते हैं और चेहरे की विशेषताओं का मिलान डेटाबेस से करके पहचान करते हैं। याचिका में दावा किया गया है कि यह प्रक्रिया अनुच्छेद 19(1)(ए) और अनुच्छेद-21 के तहत अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और निजता के मौलिक अधिकारों का उल्लंघन करती है। इसमें एक प्रतिवादी की दो नवंबर 2026 की निजता नीति को भी चुनौती दी गई है, जिसके बारे में आरोप है कि यह AI-युक्त कैमरों से चेहरे की जानकारी जुटाने और विजन AI मॉडल से उसे प्रोसेस करने की अनुमति देती है। याचिकाकर्ता ने डेटा हटाने और आरबीआई से एनबीएफसी को स्पष्ट और सूचित सहमति के बिना ऐसा डेटा जुटाने से रोकने का निर्देश देने की मांग भी की है। सुनवाई के दौरान आरबीआई ने बताया कि 23 नवंबर को याचिकाकर्ता की ओर से दी गई अर्जी पर विचार किया जा रहा है।
