पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज, देवरिया के विद्यार्थियों ने शुक्रवार को कुशीनगर का एक दिवसीय शैक्षिक भ्रमण किया। कक्षा 11 और 12 के छात्र-छात्राओं ने भगवान बुद्ध के महापरिनिर्वाण स्थल, रामाभार स्तूप, बौद्ध मंदिरों और राजकीय बौद्ध संग्रहालय का अवलोकन किया। जिला विद्यालय निरीक्षक हरिश्चंद्र नाथ और विद्यालय के प्रधानाचार्य रामकिंकर मिश्र ने बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

कुशीनगर पहुंचने पर विद्यार्थियों ने महापरिनिर्वाण स्थल देखा, जहां उन्हें बुद्ध के जीवन से जुड़े प्रसंगों, महापरिनिर्वाण की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और उनके उपदेशों की जानकारी दी गई। इसके बाद उन्होंने रामाभार स्तूप और मंदिर परिसर में मौजूद पुरातात्विक अवशेषों को देखा तथा बौद्ध संग्रहालय में संरक्षित ऐतिहासिक धरोहरों के बारे में जाना।

प्रधानाचार्य रामकिंकर मिश्र ने कहा कि शैक्षिक भ्रमण से विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को करीब से जानने-समझने का अवसर मिलता है। ऐसे भ्रमण उनके ज्ञान और दृष्टिकोण को व्यापक बनाते हैं।

इस दौरान उपप्रधानाचार्य महेंद्र प्रसाद, गोविंद सिंह, हरि कुमार मिश्र, राजेश मणि त्रिपाठी, उदयराज, अभिनव शर्मा, सत्येंद्र प्रजापति, सुनीता मिश्रा, विभा उपाध्याय, ललिता तिवारी, सीमा गुप्ता, ज्योति यादव, दिव्या जायसवाल, अनुप्रिया त्रिपाठी, कृति तिवारी और अर्चना त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।