छात्र राजनीति और युवाओं को केंद्र में रखकर बनी वेब सीरीज 'ढाई चाल' का ट्रेलर सोमवार को जारी कर दिया गया है। 1 मिनट 38 सेकेंड के इस ट्रेलर की शुरुआत इस सवाल से होती है कि छात्रों को राजनीति में पड़ना चाहिए या सिर्फ पढ़ाई पर ध्यान देना चाहिए। ट्रेलर में एक तरफ यूनिवर्सिटी कैंपस की राजनीति दिखाई गई है, जहां गगन अरोड़ा और आदिल जफर खान के किरदार नजर आते हैं, वहीं दूसरी तरफ राज्य की सत्ता के केंद्र में राजेश कुमार और परितोष सैंड के किरदार हैं। ट्रेलर का अंत इस बयान के साथ होता है कि छात्रों को लगता है कि वे छात्र राजनीति कर रहे हैं, जबकि असल में ऊपर बैठे नेता उनसे यह करवाते हैं।
ट्रेलर में कॉलेज कैंपस में विरोध प्रदर्शन के दृश्यों से शुरुआत होती है, जिसमें गगन अरोड़ा का किरदार मयूर भारद्वाज प्रमुखता से नजर आता है। मयूर के परिवार वाले उसे ऑलराउंडर बताते हैं। इसके बाद कैंपस की राजनीति में राघवेंद्र का किरदार आता है, जिसे आदिल जफर खान निभा रहे हैं। दोनों साथ मिलकर मुद्दों पर आवाज उठाते हैं, लेकिन बाद में कहानी में मोड़ आता है जब छात्र राजनीति सत्ता की राजनीति से जुड़ जाती है। ट्रेलर में दिखाया गया है कि मुख्यमंत्री दफ्तर में शतरंज के मोहरों के बीच मयूर को नया प्यादा चुना जाता है और राघवेंद्र को मयूर के खिलाफ भड़काया जाता है, जिसके बाद दोनों आमने-सामने आ जाते हैं।
मेकर्स के मुताबिक, सीरीज में छात्र आंदोलन, मीडिया और राजनीति के गठजोड़ तथा समकालीन भारतीय राजनीति की जमीनी हकीकत को सामने रखा गया है। 'ढाई चाल' JioHotstar पर 27 नवंबर से स्ट्रीम होगी। यह लेखक और रणनीतिकार नवीन चौधरी के बेस्टसेलर उपन्यास 'जनता स्टोर' पर आधारित है। शो के क्रिएटर रितेश शाह हैं, जबकि सतीश कुमकुमनाथ नायर और नव निर्माण सिंह ने निर्देशन किया है। सीरीज का निर्माण भूषण सूरी, रितेश शाह और पार्थ सूरी ने फोकस मीडिया प्राइवेट लिमिटेड के बैनर तले किया है।
सीरीज की कास्ट में गगन अरोड़ा, आदिल जफर खान, अंकित सिवाच, अंजलि तत्रारी, राजेश कुमार, परितोष सैंड और ऋषिका लोकरे शामिल हैं। मेकर्स ने दो सीजन की योजना पहले से बनाई है। पहला सीजन 'जनता स्टोर' पर आधारित है, जिसमें विश्वविद्यालय और छात्र राजनीति का रंग है, जबकि दूसरा सीजन 'ढाई चाल' उपन्यास पर आधारित होगा और उसमें कहानी कैंपस से निकलकर राज्य और राष्ट्रीय स्तर की चुनावी राजनीति और गठबंधनों पर केंद्रित होगी।
