अभिनेता दिब्येंदु भट्टाचार्य का मानना है कि सिनेमा जगत में आज भी स्टारडम हावी है और इसका असर अब डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी दिख रहा है। कोरोना काल के बाद यह कहा गया था कि अब सिनेमा में स्टारडम नहीं, सिर्फ कंटेंट चलेगा, लेकिन दिब्येंदु इससे सहमत नहीं हैं। 'मिशन रानीगंज' और वेब सीरीज 'द रेलवे मैन : द अनटोल्ट स्टोरी ऑफ भोपाल 1984' जैसे प्रोजेक्ट्स में नजर आ चुके दिब्येंदु नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा से प्रशिक्षित कलाकार हैं और एक्टिंग ही उनकी कमाई का एकमात्र जरिया है।

अपने काम और पैसों के बीच संतुलन पर दिब्येंदु कहते हैं कि अच्छा काम और अच्छा नाम होने पर अच्छे पैसे अपने आप मिल जाते हैं। कभी अच्छा रोल होता है लेकिन पैसे कम मिलते हैं, तो कभी बड़ी स्टारकास्ट के साथ अच्छे पैसे मिलते हैं। कई बार कोई प्रोजेक्ट इतना पसंद आता है कि कम पैसों में भी काम कर लेते हैं।

इंडस्ट्री में स्टारडम सिस्टम पर दिब्येंदु कहते हैं कि कलाकारों को ज्यादा पैसे नहीं मिलते, क्योंकि सारे पैसे स्टार्स लेकर चले जाते हैं। उनके मुताबिक, पिछले कुछ वर्षों में यह भी देखा गया है कि स्टार्स फिल्में बेच नहीं पा रहे हैं, लेकिन फिल्म के बजट का बड़ा हिस्सा वही ले जाते हैं। कई बार निर्माता बड़े सितारों पर खूब पैसा खर्च करते हैं, लेकिन बाद में वही स्टार निर्माता पर भार बन जाता है। जिन कैरेक्टर आर्टिस्ट्स को नजरअंदाज करके काम चलाऊ माना जाता है, कई बार फिल्म उन्हीं के बल पर चल जाती है।

भूमिकाओं के चयन पर दिब्येंदु कहते हैं कि उन्होंने जिंदगी में कोई खास पैमाना तय नहीं किया है। हर प्रोजेक्ट में अपनी तरफ से पूरी शिद्दत रहती है, लेकिन फिल्म को लोग पसंद करें या न करें, यह उनके हाथ में नहीं होता। अगर रोल पढ़कर अच्छा लगता है और उसके साथ अच्छे निर्माता-निर्देशक जुड़े हों तो वह काम कर लेते हैं। उनका कहना है कि अगर सभी को मना करते रहेंगे तो खाली बैठना पड़ जाएगा। दिब्येंदु के आगामी प्रोजेक्ट्स में वेब सीरीज 'महारानी सीजन 5', फिल्म 'दुलारी' और 'एक रुका हुआ फैसला' समेत कई प्रोजेक्ट्स शामिल हैं। वह पूर्व भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान झूलन गोस्वामी की बायोपिक 'चकदा एक्सप्रेस' का भी हिस्सा हैं, जिसकी रिलीज निर्माताओं के बीच कुछ असमतियों के कारण अटकी हुई है। इस पर दिब्येंदु कहते हैं कि फिल्म अटकी है, लेकिन इसकी जानकारी कलाकारों के पास नहीं होती, यह निर्माता-निर्देशक के अंतर्गत आता है। उन्होंने अपना काम और डबिंग पूरी कर ली है। फिल्म रिलीज होने से सभी के लिए अच्छा होगा, न होने से बुरा।