देशभर के करोड़ों पेंशनभोगियों को हर साल नवंबर में अपना जीवन प्रमाण पत्र जमा कराना होता है। बैंकों और दफ्तरों की लंबी लाइनों से बचाने के लिए पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग ने 1 से 30 नवंबर 2026 तक डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अभियान 5 शुरू किया है। यह अभियान देशभर के करीब 2000 से ज्यादा शहरों और कसबों में चल रहा है, जिससे बुजुर्ग घर से ही अपना जीवन प्रमाण पत्र जमा कर सकते हैं।
इस बार सरकार का ध्यान 80 साल से ज्यादा उम्र के बुजुर्गों पर है। जो वरिष्ठ पेंशनभोगी शारीरिक रूप से बैंक या जनसेवा केंद्र नहीं जा सकते, उन्हें घर पर ही मदद उपलब्ध कराई जा रही है। पिछले साल इस अभियान के तहत 80 साल से ज्यादा उम्र के 14 लाख से ज्यादा पेंशनभोगियों ने डिजिटल तरीके से अपना जीवन प्रमाण पत्र जमा किया था।
घर बैठे जीवन प्रमाण पत्र बनाने के लिए पहले प्ले स्टोर या ऐप स्टोर से AadhaarFaceRD और Jeevan Pramaan Face App डाउनलोड करें। ऐप खोलने के बाद आधार नंबर, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी और फेस स्कैन की मदद से रजिस्ट्रेशन पूरा करें। इसके बाद पेंशनभोगी का आधार नंबर, मोबाइल नंबर, पेंशन का प्रकार, पीपीओ नंबर और बैंक खाते से जुड़ी जानकारी सावधानी से भरें। सभी डिटेल्स चेक करने के बाद Submit पर क्लिक करें और फोन के फ्रंट कैमरे से पेंशनर के चेहरे को स्कैन करें। स्कैन पूरा होते ही स्क्रीन पर जीवन प्रमाण पत्र की रसीद और Pramaan ID जनरेट हो जाएंगी। इसका लिंक रजिस्टर्ड नंबर पर SMS के जरिए भी मिल जाएगा।
डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जनरेट होते ही यह खुद ही यूजर की पेंशन वितरण करने वाली एजेंसी जैसे बैंक या डाकघर तक पहुंच जाती है, इसे जमा कराने के लिए अलग से कहीं जाने की जरूरत नहीं रहती। स्टेटस चेक करने के लिए jeevanpramaan.gov.in पर जाएं, Pensioner Login पर क्लिक करें, Pramaan ID डालें और कैप्चा कोड भरकर सबमिट करें। OTP से वेरिफाई करके लॉगइन करने पर डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र खुल जाएगा, जहां से सर्टिफिकेट को PDF फाइल के तौर पर सुरक्षित रखा जा सकता है और यह भी देखा जा सकता है कि पेंशन एजेंसी ने उसे स्वीकार किया है या नहीं। सरकारी नियमों के मुताबिक सभी पेंशन धारकों को नवंबर महीने के आखिर तक अपना जीवन प्रमाण पत्र जरूर जमा कराना होता है, ऐसा न होने पर दिसंबर से पेंशन का भुगतान रुक जाता है।
