फर्रुखाबाद के मेजर एसडी सिंह पीजी आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल में बीएएमएस द्वितीय वर्ष के छात्र हरिओम सिंह ने वाई-फाई के तार से पंखे के सहारे बने फंदे पर लटककर जान दे दी। सहपाठियों ने दरवाजा तोड़कर उन्हें नीचे उतारा और अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस मौत के कारणों की जांच कर रही है और साइबर धोखाधड़ी की आशंका भी जताई जा रही है।

आगरा के थाना गुरुगोविंद नगर के मुहल्ला उखरा मार्ग राजपुर चुंगी निवासी श्यामपाल सिंह के 25 वर्षीय पुत्र हरिओम सिंह इटावा-बरेली हाईवे पर बैकुंठपुरी स्थित मेजर एसडी सिंह पीजी आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज में बीएएमएस द्वितीय वर्ष के छात्र थे। वह हॉस्टल के कमरा नंबर 304 में अपने साथी शौर्य दीक्षित के साथ रहते थे। शनिवार को हरिओम ने तबीयत खराब होने की बात कहकर क्लास नहीं ली। दोपहर करीब 12.45 बजे शौर्य क्लास से लौटे तो कमरा अंदर से बंद था। दरवाजा न खुलने पर खिड़की से देखा तो हरिओम पंखे से लटक रहे थे। सूचना पर वार्डेन हरगोविंद पाराशर समेत अन्य साथी पहुंचे और दरवाजा तोड़कर चाकू से केबल काटकर उन्हें नीचे उतारा।

पहले छात्र को कालेज के चिकित्सक कक्ष ले जाया गया, फिर बाइक से दोपहर करीब 1.15 बजे डा. राममनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डा. दीपक तिवारी ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सीओ सिटी अभय वर्मा, मऊदरवाजा थानाध्यक्ष रामसहाय और फोरेंसिक टीम ने मौके पर जांच की। पुलिस ने हरिओम के दो मोबाइल कब्जे में ले लिए हैं। बताया जा रहा है कि छात्र ने दोस्तों से नकद रुपये देकर ऑनलाइन अपने खाते में डलवाए थे, जिससे साइबर अपराध में फंसने की आशंका जताई जा रही है। कुछ छात्रों के मुताबिक वह उस दौरान परेशान लग रहे थे।

शाम करीब साढ़े पांच बजे हरिओम के भाई धर्मवीर और स्वजन अस्पताल पहुंचे। स्वजन का कहना था कि उन्हें मौत की सूचना नहीं दी गई और बताया गया कि छात्र के साथ साइबर धोखाधड़ी हुई है। भाई धर्मवीर ने कालेज की प्रिंसिपल डा. नीतूश्री और वार्डन पर लापरवाही के आरोप लगाए। प्रिंसिपल ने कहा कि शुक्रवार को फुटबाल खेलते समय हरिओम चोटिल हो गए थे, इस कारण वह क्लास नहीं गए। उन्होंने कहा कि हॉस्टल में सुबह नौ बजे के बाद किसी छात्र के रुकने की जानकारी वार्डन व स्टाफ को प्रिंसिपल को देनी होती है, लेकिन हरिओम के कमरे में रुकने की सूचना नहीं दी गई; इसे लापरवाही बताते हुए जांच कराई जाएगी। वार्डन ने बताया कि डेढ़ माह पहले ही उनकी तैनाती हुई है। मऊदरवाजा थाना प्रभारी ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा और अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।