फतेहपुर जिले के हथगाम थाना क्षेत्र के एक गांव में शुक्रवार रात शादी से पहले दुल्हन के लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों ने गांव के ही एक युवक और उसके दो भाइयों पर युवती को भगा ले जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, हथगाम थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली एक दलित युवती की शुक्रवार रात बारात आई थी। शादी वाले घर में खुशी का माहौल था और बाराती जनवासे में डीजे की धुन पर नाच रहे थे। इसी बीच पता चला कि दुल्हन घर से गायब है। खबर मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया और बारात बिना खाना खाए देर रात वापस लौट गई।

परिजनों का आरोप है कि गांव के ही रहने वाला मासूम अहमद अपने भाइयों मंसूर अहमद और मंजूर अहमद के सहयोग से युवती को भगा ले गया। दुल्हन के भाई ने इस मामले की शिकायत स्थानीय थाना पुलिस से की है। घटना के बाद क्षेत्र में माहौल गर्माया हुआ है।

शनिवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता थाने पहुंचे और युवती को तत्काल बरामद करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया तो पुलिस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है और संबंधित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही लापता युवती को बरामद कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।