गंगा और गंडक के संगम पर बसा सोनपुर मेला आस्था, इतिहास और परंपरा का प्रतीक है। कार्तिक पूर्णिमा पर लाखों श्रद्धालु यहां नदियों में डुबकी लगाते हैं और हरिहरनाथ मंदिर में शिव-विष्णु के एकात्म स्वरूप के दर्शन करते हैं। रविवार से हरिहर क्षेत्र में विश्व प्रसिद्ध मेले का आगाज होगा, जहां लोक जीवन, व्यापार और संस्कृति का विराट संसार सजेगा।

मेले की कहानी केवल स्नान और आस्था तक सीमित नहीं है। इतिहास के पन्नों में यहां राजा-महाराजाओं द्वारा हाथियों की खरीद-बिक्री, अंतरराष्ट्रीय व्यापार, शाही दरबार, स्वतंत्रता संग्राम और किसान आंदोलन की गूंज भी दर्ज है। लोक मान्यताओं के अनुसार मौर्य शासक चंद्रगुप्त मौर्य के समय से यहां पशुओं की खरीदारी की परंपरा रही है। मुगल काल में यह मेला शाही जरूरतों का केंद्र बना रहा और सम्राट अकबर भी दल-बल के साथ यहां आते थे। मध्य एशिया के अलावा अफगानिस्तान, ईरान और इराक तक के व्यापारी पशुओं की खरीद-बिक्री के लिए यहां पहुंचते थे।

मेले को हरिहर क्षेत्र मेला और छत्तर मेला के नाम से भी जाना जाता है। हाजीपुर और वैशाली के आसपास के इलाकों में आज भी काफी संख्या में लोग इसे छत्तर मेले के नाम से पुकारते हैं। सारण जिले के पूर्वी छोर पर नारायणी, जाह्नवी और मही नदियों के पवित्र संगम क्षेत्र में लगने वाले इस मेले का धार्मिक महत्व सदियों पुराना है और बाबा हरिहरनाथ मंदिर की आस्था ने इसे विशिष्ट पहचान दी है।

इसी धरती पर वर्ष 1915 में अखिल भारत वर्षीय सनातन धर्म सम्मेलन हुआ था, जिसमें देशभर के राजा-महाराजाओं और धर्माचार्यों का जुटान हुआ। सम्मेलन में लगभग 20 से 25 हजार श्रद्धालुओं की उपस्थिति बताई जाती है। दरभंगा महाराज रामेश्वर सिंह इसके सभापति, रीवा महाराज वेंकट रमण सिंह मुख्य अतिथि और हथुआ महाराज गुरु महादेव आश्रम प्रसाद शाही बहादुर संरक्षक की भूमिका में थे। 27 नवंबर 1915 को प्रकाशित पाटलिपुत्र अखबार ने इस आयोजन का विस्तार से वर्णन किया था। दंडीस्वामी स्वामी सहजानंद सरस्वती ने अपनी पुस्तक ब्रह्मर्षि वंश विस्तर में भी इस सम्मेलन का उल्लेख किया है।