लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का शुक्रवार को निधन हो गया। खबर मिलने के बाद सीएम योगी गोरखपुर में अपना कार्यक्रम समाप्त कर पौड़ी गढ़वाल के पंचूर गांव स्थित पैतृक निवास पहुंचे। वहां वे देर तक अपनी मां के कमरे में रहे और उनके पार्थिव शरीर को निहारते रहे। इस दौरान की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में है।
तस्वीर में मां के कमरे की दीवार और छत देखी जा सकती है। दीवार पर प्लास्टर के बाद पिंक रंग से पुताई की गई लग रही है, जबकि छत में पॉलीथिन शीट जैसा साफा दिख रहा है। कुछ लोग इसे वॉलपेपर भी बता रहे हैं। आमतौर पर सीएम योगी के गांव आने पर घर के गेस्ट रूम की तस्वीरें ही सामने आती रही हैं, जिसे परिवार के लोगों ने सजा रखा है।
सीएम योगी ने मां के निधन के बाद घर पहुंचकर यह तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट की थी। पहले लोगों ने शोक संदेश लिखे, इसके बाद तस्वीर के दूसरे पहलू पर चर्चा शुरू हो गई। एक यूजर ने लिखा कि चौथे दर्जे का कर्मचारी भी इससे बेहतर घर में रहता है, जबकि एक सीएम की मां ऐसे घर में रह रही है। इससे समझा जा सकता है कि उन्होंने बेटे के पद का कोई लाभ नहीं उठाया।
एक अन्य यूजर ने लिखा कि जनप्रतिनिधि बनने के बाद प्रधान हो या विधायक, सांसद, उनसे जुड़े लोग भी उनसे नाम जोड़ना शुरू कर देते हैं और रौब में रहते हैं। लेकिन देश के सबसे बड़े प्रदेश के मुख्यमंत्री का परिवार जिस सादगी से रहता है, वह अलग मिशाल है। इन लोगों ने कभी उनके पद को खुद से नहीं जोड़ा। बेटे के संन्यास लेने के बाद भी मां ने खुद को उनके बढ़ते व्यक्तित्व से अलग रखा, जो अपने आप में उदाहरण है।
