गोरखपुर में शराब की दुकान पर 500 रुपये का नकली नोट चलाने की कोशिश करते हुए एक व्यक्ति को कर्मचारियों ने पकड़ लिया। आरोपी की पहचान बेलीपार क्षेत्र के भौवापार निवासी विनोद कुमार चौरसिया के रूप में हुई है। तलाशी में उसके पास से कुल 39,800 रुपये बरामद हुए, जिनमें 500 रुपये का एक नकली नोट भी शामिल था।

रामगढ़ताल क्षेत्र के सिद्धार्थ एन्क्लेव निवासी निलेश कुमार सिंह की ट्रांसपोर्ट नगर में पिलर नंबर 11 के सामने कम्पोजिट शराब की दुकान है। दुकानदार ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले दुकान पर 500-500 रुपये के दो नकली नोट मिले थे, जिनका पता बिक्री की रकम बैंक में जमा कराने के दौरान चला। इसके बाद कर्मचारियों को नोटों की जांच के बाद ही लेनदेन करने का निर्देश दिया गया था।

आरोप है कि 26 नवंबर की रात करीब 8:50 बजे एक युवक शराब खरीदने पहुंचा। उसके व्यवहार और नोटों को लेकर कर्मचारियों को शक हुआ, जिस पर दुकानदार और कर्मचारियों ने उसे रोककर पूछताछ की। तलाशी में उसके पास से 39,800 रुपये मिले, जिनमें 500 रुपये का एक नकली नोट पाया गया। इसके बाद दुकानदार आरोपी और बरामद रकम के साथ थाने पहुंचा और पुलिस को सूचना दी। कैंट पुलिस ने अनुज्ञापी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।

एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि आरोपित कपड़े की दुकान चलाता है। पुलिस यह जांच कर रही है कि नकली नोट उसके पास कहां से आया और क्या इसके पीछे कोई संगठित नेटवर्क है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि इससे पहले दुकान पर मिले दो नकली नोटों का इस मामले से कोई संबंध है या नहीं। सुरक्षा एजेंसियां भी पूछताछ कर रही हैं।