मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को गोरखपुर के कैंपियरगंज वन क्षेत्र के भारीवैसी में प्रदेश के पहले वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय का शिलान्यास करेंगे। यह विश्वविद्यालय 50 हेक्टेयर (123.55 एकड़) क्षेत्र में बनेगा और इसके निर्माण पर 491 करोड़ रुपये से अधिक की लागत आएगी। इसी समारोह में मुख्यमंत्री 621.05 करोड़ रुपये की 16 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और 171.13 करोड़ रुपये की 39 परियोजनाओं का लोकार्पण भी करेंगे। कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और हेलीपैड बनाया जा रहा है।

विश्वविद्यालय में वानिकी एवं औद्यानिकी, वन्य जीव संरक्षण, जलवायु परिवर्तन, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन, एग्रोफारेस्ट्री तथा फल एवं बागवानी सहित कई आधुनिक विषयों में स्नातक (बीएससी), परास्नातक (एमएससी) और पीएचडी के साथ ही डिप्लोमा पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे। यहां से डिग्री प्राप्त विद्यार्थियों के लिए उत्तर प्रदेश राज्य वन सेवा तथा क्षेत्रीय वन अधिकारी के पदों पर क्षैतिज आरक्षण प्रदान करने का भी प्रस्ताव है।

कैंपियरगंज विधायक फतेह बहादुर सिंह ने भारीवैसी में समारोह स्थल का जायजा लिया और सभा स्थल, शिलान्यास स्थल, पार्किंग तथा हेलीपैड स्थल सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि आगंतुकों को किसी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए।

मुख्यमंत्री के स्वागत की तैयारियां भी जोरों पर हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे होर्डिंग और बैनर लगाए जा रहे हैं, जबकि नगर पंचायत चौमुखा की ओर से विशेष स्वागत की तैयारी की जा रही है। विधायक के नेतृत्व में पीपीगंज, चौमुखा, कैंपियरगंज और सोनौरा क्षेत्र के कार्यकर्ता गांव-गांव संपर्क कर लोगों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील कर रहे हैं।