ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 13 से 15 दिसंबर तक ग्लोबल भक्ति फेस्ट 2026 का आयोजन होगा। इंडिया एक्सपोजिशन मार्ट लिमिटेड (आईईएमएल) की ओर से होने वाले इस महोत्सव का उद्देश्य भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक मंच पर पहचान दिलाना तथा युवा पीढ़ी को प्राचीन ज्ञान परंपरा और सनातन संस्कृति से जोड़ना है।

शनिवार को इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित पत्रकार वार्ता में आईईएमएल के चेयरमैन डॉ. राकेश कुमार ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महोत्सव का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह करेंगे, जबकि 14 दिसंबर को केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत मुख्य अतिथि होंगे। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री, देशभर के विख्यात संत, आध्यात्मिक गुरु और विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियां भी हिस्सा लेंगी।

आयोजकों के मुताबिक, महोत्सव में देश के 13 अखाड़ों, 12 ज्योतिर्लिंगों और चार धामों के आध्यात्मिक प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में संत-महात्मा, धर्मगुरु, आध्यात्मिक चिंतक और कलाकार शामिल होंगे। दर्शकों को धार्मिक एवं आध्यात्मिक गतिविधियों के साथ लाइव कन्सर्ट और भजन क्लबिंग का अनुभव भी मिलेगा। महोत्सव 10 हजार वर्गमीटर से अधिक क्षेत्र में आयोजित होगा, जिसमें 100 से अधिक प्रदर्शक ब्रांडों के शामिल होने की संभावना है। साथ ही 20 हजार से अधिक बीटूबी और बीटूसी खरीदारों, दो हजार से अधिक विशिष्ट प्रतिनिधियों तथा प्रतिदिन 10 हजार से अधिक संगीत प्रेमियों के पहुंचने की उम्मीद है।

महोत्सव के सह-संस्थापक एवं इंडेवा होटल्स एंड रिसॉर्ट्स के सीईओ बरुण गुप्ता ने कहा कि सनातन की विविध विचारधाराओं और आध्यात्मिक परंपराओं को जन-जन तक पहुंचाने के साथ भारत की धरती से पूरी दुनिया को शांति का संदेश देना आयोजन का उद्देश्य है। पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी के वरिष्ठ महामंडलेश्वर स्वामी प्रेमानंद पुरी महाराज ने कहा कि जिन संतों के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को कुंभ में हजारों किलोमीटर की यात्रा करनी पड़ती है, उनके दर्शन ग्रेटर नोएडा में सहज रूप से हो सकेंगे। भारतीय सर्व धर्म संसद के राष्ट्रीय संयोजक गोस्वामी सुशील महाराज ने कहा कि ग्रेटर नोएडा की धरती पर आध्यात्मिक इतिहास का नया अध्याय लिखा जा रहा है। महोत्सव के सह-संस्थापक एवं सोलट्रैक्स प्रोडक्शंस के निदेशक सिद्धांत भाटिया ने आयोजन के मूल विचार ध्यानं, ज्ञानं, विज्ञानं एवं प्रज्ञानं को रेखांकित किया।