अहमदाबाद : 2027 के गुजरात विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। बीजेपी के गढ़ गुजरात में कांग्रेस ने अपने महासचिव रणदीप सुरजेवाला को उतारा है और बीजेपी के मजबूत बूथों की काट के लिए 'वोट रक्षक' की रणनीति बनाई है। वहीं, बीजेपी संगठन की कमान पूर्व मंत्री और खुद बूथ प्रमुख रह चुके जगदीश विश्वकर्मा के हाथों में है, जो ओबीसी वर्ग से आते हैं और संगठन तथा सरकार दोनों का अनुभव रखते हैं। वे 4 अक्टूबर 2025 को अध्यक्ष बने थे और एक साल का कार्यकाल पूरा कर चुके हैं।

53 वर्षीय जगदीश विश्वकर्मा के पिछले एक साल के कार्यकाल में स्थानीय निकाय चुनावों में बीजेपी का प्रदर्शन शानदार रहा है। हाल ही में संपन्न गांधीनगर नगर निगम चुनावों के साथ दूसरी नगर पालिका में भी पार्टी ने दबदबा बनाए रखा। इन चुनावों को 2027 के फाइनल मुकाबले से पहले सेमीफाइनल के तौर पर देखा जा रहा था। राज्य सरकार की बागडोर भूपेंद्र पटेल और हर्ष संघवी के पास है। हर्ष संघवी को पिछले साल बड़ा प्रमोशन मिला था और उनके पास सरकार में अहम विभाग हैं।

संगठन में विश्वकर्मा ने नई टीम बनाने के साथ कई प्रयोग किए हैं, जिनकी चर्चा हो रही है। वे पार्टी के गेमचेंजर कदम रहे टिफिन बैठक पर लौटे हैं। तकनीक को तवज्जो देने वाले विश्वकर्मा की मजबूती यह है कि उनकी याददाश्त तेज है और वे कार्यकर्ताओं को नाम से बुलाते हैं। उन्होंने फिजूलखर्ची पर रोक लगाने के साथ संगठन में पुराने और समर्पित लोगों को स्थान देने तथा सामंजस्य बनाने पर फोकस किया है। अहमदाबाद शहर बीजेपी के अध्यक्ष रह चुके विश्वकर्मा कम काफिले के साथ प्रवास करते हैं और बूथ सशक्तिकरण पर ध्यान दे रहे हैं। ऑनलाइन मीटिंगों की संख्या बढ़ाकर उन्होंने पदाधिकारियों को अपने क्षेत्रों में जनता के बीच रहने का समय दिया है।

विश्वकर्मा के सामने अच्छे प्रदर्शन की चुनौती है। 2022 के चुनावों में नरेंद्र-भूपेंद्र का नारा रहा था और पटेल तथा पाटिल की जोड़ी ने बड़ी जीत दर्ज की थी। राहत की बात यह है कि कांग्रेस अभी तक खुद को बेहतर और विश्वसनीय विकल्प के तौर पर पेश नहीं कर पाई है, लेकिन आदिवासी क्षेत्रों में चैतर वसावा की लोकप्रियता और हाल ही में कोली तथा पाटीदार सीएम की चर्चा ने जाति से जुड़ी चुनौती खड़ी की है। दिसंबर में ग्राम पंचायत चुनाव होने की उम्मीद है, जो पार्टी सिंबल पर नहीं होते।