महाराष्ट्र सरकार में मंत्री संजय शिरसाट की एक टिप्पणी विवाद में आ गई है। शिरसाट ने रविवार को एक पॉडकास्ट में कहा था कि 2022 में एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में शिवसेना में हुई बगावत के दौरान जो विधायक बीच रास्ते में पीछे हट गए थे, उन्हें अन्य बागी सदस्यों के गुस्से का सामना करना पड़ सकता था, लेकिन उन्हें जाने दिया गया। उन्होंने विधायक का नाम लिए बिना कहा कि उस दिन उनका ‘राम नाम सत्य’ भी हो जाता। शिरसाट ने कहा कि उस घटना को किसी वेब सीरीज जैसा देखा गया, जब एक विधायक असहज होकर वाहन से उतरने की कोशिश कर रहे थे।

शिरसाट ने यह भी दावा किया था कि सूरत से पहले टोल प्लाजा पर लगे जाम को शिंदे ने वहां के पुलिस अधीक्षक को फोन करके हटवाया था। उनके मुताबिक, एसपी ने शिंदे को बताया था कि उन्हें तत्कालीन मुख्यमंत्री की ओर से निर्देश मिले थे, लेकिन शिंदे ने रास्ता खाली कराने को कहा।

इन टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए संबंधित विधायक कैलाश पाटिल ने शिरसाट की धमकी भरी टिप्पणी की जांच की मांग की है। पाटिल ने कहा कि बागी विधायकों पर दबाव था, लेकिन वह उद्धव गुट में लौटने के अपने फैसले पर अडिग रहे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को शिरसाट की टिप्पणियों की जांच करानी चाहिए।

पाटिल ने यह भी दावा किया कि हर किसी पर अलग तरह का दबाव था और कुछ लोगों पर केंद्र की सत्ताधारी पार्टी का दबाव था, जिसकी वजह से सत्ता में बदलाव आया। उन्होंने बताया कि वह एक दूसरे फोन नंबर के जरिये उद्धव के संपर्क में बने रहे। उस्मानाबाद (धाराशिव) से विधायक रहे पाटिल ने 2024 में शिवसेना-उद्धव बालासाहेब ठाकरे के टिकट पर चुनाव लड़ते हुए अपनी सीट बरकरार रखी थी। शिंदे के नेतृत्व में 2022 में हुई बगावत से उद्धव के नेतृत्व वाली तत्कालीन महा विकास आघाडी सरकार गिर गई थी, जिसके बाद शिंदे भाजपा के समर्थन से मुख्यमंत्री बने थे।