पश्चिम बंगाल की कैबिनेट ने सोमवार को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में बेरोजगार युवाओं के लिए ‘भरोसा कर्मसूची’ योजना को मंजूरी दी। इसके तहत ग्रेजुएट युवाओं और सरकारी वोकेशनल संस्थानों व आईटीआई से डिप्लोमा करने वाले बेरोजगारों को हर महीने 2,000 रुपये मिलेंगे, जबकि 10वीं और 12वीं पास गैर-ग्रेजुएट बेरोजगार युवाओं को 1,500 रुपये प्रति महीने दिए जाएंगे। यह योजना जनवरी से लागू होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह ऐलान भाजपा के चुनावी घोषणा पत्र में किए गए वादे के मुताबिक किया गया है। 2028-29 वित्त वर्ष से ग्रेजुएट और डिप्लोमा धारकों को मिलने वाली राशि बढ़ाकर 3,000 रुपये और गैर-ग्रेजुएट युवाओं को मिलने वाली रकम 2,000 रुपये कर दी जाएगी। योजना का लाभ लेने के लिए युवाओं की उम्र 21 से 45 साल के बीच होनी चाहिए।
नई ‘भरोसा कर्मसूची’ योजना ने पिछली तृणमूल कांग्रेस सरकार की ‘युवा साथी’ योजना की जगह ली है। शुभेंदु अधिकारी ने बताया कि पिछली सरकार की योजना के तहत लाभ पाने वाले करीब 54 लाख लोगों का सत्यापन 31 दिसंबर तक पूरा कर लिया जाएगा। जिन युवाओं ने अब तक आवेदन नहीं किया है, वे ‘आपनार सरकार आपनार पासे’ कार्यक्रम के जरिए आवेदन कर सकते हैं। इन आवेदनों को आगे की प्रक्रिया के लिए युवा कल्याण विभाग के पास भेजा जाएगा।
योजना के तहत मिलने वाली रकम हर महीने के दूसरे सप्ताह में सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी। हालांकि, योजना की औपचारिक शुरुआत फरवरी में एक कार्यक्रम के दौरान की जाएगी। सरकार ने कुछ शर्तें भी रखी हैं। एक परिवार से अधिकतम दो लोग ही इस योजना का लाभ ले सकेंगे। इसके अलावा, अन्नपूर्णा योजना के तहत हर महीने 3,000 रुपये पाने वाले लोग इसके पात्र नहीं होंगे। कैबिनेट बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने कई नई योजनाएं शुरू की हैं और पिछली सरकार के बकाया भुगतान समेत कई बड़ी वित्तीय जिम्मेदारियां भी उठाई हैं। युवाओं से कुछ समय धैर्य रखने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार अपने वादे पूरे करेगी।
इसी बैठक में पश्चिम बंगाल का नाम बदलकर ‘पश्चिम बंगा’ करने का प्रस्ताव भी मंजूर किया गया। मुख्यमंत्री ने बताया कि विधानसभा के शीतकालीन सत्र में 9 दिसंबर को इस संबंध में प्रस्ताव पेश किया जाएगा। विधानसभा का सत्र 4 से 14 दिसंबर तक चलेगा। प्रस्ताव पारित होने के बाद इसे मंजूरी के लिए केंद्र सरकार के पास भेजा जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक, केंद्रीय गृह मंत्रालय से स्वीकृति मिलने के बाद अंग्रेजी समेत सभी भाषाओं के सरकारी दस्तावेजों और प्रशासनिक रिकॉर्ड में राज्य का नाम ‘पश्चिम बंगा’ लिखा जाएगा। राज्य सरकार इस सत्र में नाम बदलने के प्रस्ताव के अलावा 8 अहम विधेयक भी पेश करेगी। राज्य का नाम बदलने की कोशिश पहले भी कई बार हो चुकी है। वाम मोर्चा सरकार के दौरान 20 जुलाई 1999 को विधानसभा में ‘पश्चिम बंगा’ नाम रखने पर चर्चा हुई थी। इसके बाद 2011 में सत्ता में आई ममता बनर्जी सरकार ने भी 2 सितंबर को सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर केंद्र को भेजा था, लेकिन उसे मंजूरी नहीं मिली।
