कर्नाटक में हाथियों के स्थानांतरण के फैसले के विरोध में मुदिगेरे से कांग्रेस विधायक नयना मोटाम्मा ने सोमवार को विधानसभा से इस्तीफा दे दिया। विधानसभा अध्यक्ष जीएस पाटिल ने इस्तीफा स्वीकार नहीं किया और कहा कि यह सही फॉर्मेट में जमा करना होगा। मोटाम्मा सुबह अपना इस्तीफा लेकर अध्यक्ष के कार्यालय पहुंचीं, जहां अधिकारियों ने बताया कि इस्तीफा निर्धारित फॉर्मेट में नहीं है। इसके बाद उन्होंने अध्यक्ष के प्राइवेट सेक्रेटरी के कार्यालय में भी अपना पक्ष रखा। अध्यक्ष ने स्पष्ट कहा कि इस्तीफा देने के लिए नियमों के मुताबिक सही फॉर्मेट में लिखित आवेदन देना होगा।

विधायक हासन जिले के बेलूर से करीब 50 से 60 हाथियों को चिकमगलूर जिले के मुदिगेरे के टटकोला रिजर्व फॉरेस्ट में शिफ्ट करने का विरोध कर रही हैं। उनका कहना है कि यह फैसला उन किसानों के लिए नुकसानदायक होगा जो पहले से हाथी-मनुष्य टकराव से जूझ रहे हैं। हासन और चिकमगलूर दोनों जिलों में हाथी अक्सर खेतों में घुसकर फसलें नष्ट कर देते हैं और कई बार जान-माल का नुकसान भी होता है। वन विभाग ने यह फैसला पिछले हफ्ते हाथियों के हमले में दो लोगों की मौत के बाद लिया था।

रविवार को चिकमगलूर में प्रेस कॉन्फ्रेंस में मोटाम्मा ने हाथियों के रिलोकेशन का ऑर्डर तुरंत वापस लेने की मांग की थी। उन्होंने कहा था कि जो हाथी पहले ही भेजे जा चुके हैं, उन्हें किसी और सुरक्षित जगह भेजा जाए। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी लिखा था कि अगर चुनाव क्षेत्र के लोगों की भलाई और किसानों की आजीविका के लिए यह ऑर्डर वापस नहीं लिया गया तो वे इस्तीफा देने के लिए तैयार हैं।

मोटाम्मा ने वन विभाग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि विभाग ने चुने हुए जनप्रतिनिधियों से कोई सलाह नहीं ली और उन्हें बताए बिना यह काम किया। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर दो और विधायकों से बात हुई है और पार्टी के कई नेताओं व मंत्रियों ने हस्तक्षेप किया है। हासन और चिकमगलूर के मुख्य वन संरक्षक (सीसीएफ) ने उनसे संपर्क कर आश्वासन दिया कि ऑपरेशन रोक दिया गया है। हालांकि, मोटाम्मा इस आश्वासन से संतुष्ट नहीं हैं और रात में भगाए गए हाथियों को वापस लाने की मांग कर रही हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर हाथियों को वापस नहीं लाया गया तो वे दोबारा इस्तीफा देंगी।