पश्चिम बंगाल की कैबिनेट ने राज्य का नाम बदलकर 'पश्चिम बंगा' करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने सोमवार को यह ऐलान किया। उन्होंने बताया कि 9 दिसंबर को विधानसभा में यह प्रस्ताव रखा जाएगा। विधानसभा का शीतकालीन सत्र 4 दिसंबर से शुरू हो रहा है। यह फैसला मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में लिया गया।
बैठक के बाद सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि विधानसभा से प्रस्ताव पारित होने के बाद इसे मंजूरी के लिए केंद्र सरकार के पास भेजा जाएगा। देश में अब तक 6 राज्यों के नाम बदले जा चुके हैं। आखिरी बार 2026 में केरल का नाम बदलकर केरलम किया गया था।
भाजपा का मुख्य तर्क राज्य की ऐतिहासिक पहचान को बनाए रखना है। 1947 में बंगाल के बंटवारे के बाद इसका पश्चिमी हिस्सा भारत में रहा और पश्चिम बंगाल राज्य बना। पार्टी का कहना है कि 'पश्चिम बंगा' नाम इस इतिहास और राज्य के गठन से जुड़ी पहचान को दर्शाता है। पार्टी के कुछ नेताओं ने 'बांग्ला' नाम पर भी आपत्ति जताई थी, क्योंकि यह बांग्लादेश के नाम से मिलता-जुलता है। 'पश्चिम बंगा' नाम पहले भी 1999 और 2011 में प्रस्तावित किया जा चुका है।
राज्य का नाम बदलने की प्रक्रिया में राज्य सरकार प्रस्ताव तैयार करती है, जिसे केंद्रीय गृह मंत्रालय जांचता है और संबंधित मंत्रालयों से राय लेता है। केंद्र सरकार की सिफारिश पर राष्ट्रपति राज्य विधानसभा से राय मांगते हैं। इसके बाद विधेयक संसद के दोनों सदनों में पेश होकर साधारण बहुमत से पारित होता है। राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद राज्य का नाम आधिकारिक रूप से बदल जाता है।
