पश्चिम बंगाल का नाम बदलकर 'पश्चिम बंग' करने का फैसला किया गया है। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने सोमवार को इसकी घोषणा की। उन्होंने बताया कि 9 दिसंबर को विधानसभा में इस संबंध में प्रस्ताव रखा जाएगा। विधानसभा का शीतकालीन सत्र 4 दिसंबर से शुरू होगा। यह निर्णय मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में लिया गया। बैठक के बाद सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि विधानसभा से प्रस्ताव पारित होने के बाद इसे मंजूरी के लिए केंद्र सरकार के पास भेजा जाएगा।
देश में अब तक 6 राज्यों के नाम बदले जा चुके हैं। अंतिम बार 2026 में केरल का नाम बदलकर केरलम किया गया था।
भाजपा का मुख्य तर्क राज्य की ऐतिहासिक पहचान को बनाए रखना है। पार्टी के अनुसार, 1947 में बंगाल के बंटवारे के बाद इसका पश्चिमी हिस्सा भारत में रहा और पश्चिम बंगाल राज्य बना। भाजपा का कहना है कि 'पश्चिम बंगा' नाम इस इतिहास और राज्य के गठन से जुड़ी पहचान को दर्शाता है। पार्टी के कुछ नेताओं ने 'बांग्ला' नाम पर भी आपत्ति जताई थी, क्योंकि यह बांग्लादेश के नाम से मिलता-जुलता है। 'पश्चिम बंगा' नाम पहले भी 1999 और 2011 में प्रस्तावित किया जा चुका है।
राज्य का नाम बदलने की प्रक्रिया में पांच चरण हैं। राज्य सरकार प्रस्ताव तैयार करती है, जिस पर केंद्रीय गृह मंत्रालय विचार करता है और जरूरत के मुताबिक संबंधित मंत्रालयों से राय लेता है। केंद्र सरकार की सिफारिश पर राष्ट्रपति संबंधित राज्य की विधानसभा से राय मांगते हैं, जिसे तय समय में देना होता है। इसके बाद विधेयक लोकसभा और राज्यसभा में पेश किया जाता है और दोनों सदनों से साधारण बहुमत से पारित होना जरूरी है। दोनों सदनों से पारित होने के बाद विधेयक राष्ट्रपति की मंजूरी के लिए जाता है, और मंजूरी मिलने पर राज्य का नाम आधिकारिक रूप से बदल जाता है।
