कलकत्ता हाई कोर्ट ने तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी को छह आपराधिक मामलों में दंडात्मक कार्रवाई से अंतरिम राहत की अवधि 26 फरवरी 2027 तक बढ़ा दी है। यह राहत 26 फरवरी 2027 तक या अदालत के अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, लागू रहेगी।

सोमवार (23 नवंबर) को जस्टिस सौगत भट्टाचार्य ने बनर्जी की ओर से दायर दो अलग-अलग याचिकाओं पर सुनवाई की। ये मामले इस साल मई के बाद से दर्ज छह प्राथमिकियों से जुड़े हैं। डायमंड हार्बर से सांसद और पार्टी महासचिव बनर्जी को यह राहत पश्चिम बंगाल के विभिन्न थानों में दर्ज मामलों में मिली है।

तीन मामलों में 25 अगस्त को दी गई अंतरिम राहत बढ़ाने की याचिका पर सुनवाई करते हुए अदालत ने कहा कि जांच अभी पूरी नहीं हुई है और ऐसी कोई परिस्थिति नहीं बदली है जिसके आधार पर राहत बढ़ाने से इनकार किया जाए। इन मामलों में भवानीपुर, विष्णुपुर और कालीतला थानों की प्राथमिकियों के संबंध में पुलिस को बनर्जी के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई करने से रोका गया है। राज्य सरकार ने इस अनुरोध का विरोध किया। अतिरिक्त महाधिवक्ता बिलवदल भट्टाचार्य ने बताया कि 25 अगस्त के आदेश के खिलाफ उच्चतम न्यायालय में विशेष अनुमति याचिका दायर की गई है, जो विचाराधीन है। बनर्जी के वकील गोपाल शंकरनारायणन ने कहा कि इस याचिका में खामियां हैं।

दक्षिण 24 परगना जिले के रवींद्रनगर और विष्णुपुर थानों में दर्ज तीन अन्य मामलों में राज्य सरकार ने दो मामलों की जांच में हुई प्रगति के दस्तावेज अदालत में पेश किए। शंकरनारायणन ने इन मामलों में सात सितंबर को दी गई अंतरिम राहत बढ़ाने का अनुरोध किया, जिसका अतिरिक्त महाधिवक्ता राजदीप मजूमदार ने विरोध किया। अदालत ने कहा कि तीनों मामलों में जांच जारी है और राहत की अवधि बढ़ा दी।