सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को उस याचिका पर सुनवाई की, जिसमें आरोप लगाया गया है कि कुछ राजनेताओं और अन्य लोगों के बयानों से न्याय के प्रशासन में बाधा पड़ रही है। जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस अपरेश कुमार सिंह की बेंच ने कहा कि राजनीतिक दलों को अपना एजेंडा उठाने से रोकना अदालत का काम नहीं है। बेंच ने यह भी कहा कि अगर ऐसे बयानों पर रोक के लिए कानून चाहिए तो याचिकाकर्ता संसद जाएं।
यह याचिका दो वकीलों ने दायर की है। इसमें केंद्र सरकार, चुनाव आयोग, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे, सांसद महुआ मोइत्रा और अन्य को पक्षकार बनाया गया है। याचिकाकर्ताओं की ओर से सीनियर वकील गौरव भाटिया ने दलील रखी। उन्होंने कहा कि यह मामला सिर्फ एक बयान का नहीं, बड़े मुद्दे का है और सीधे तौर पर न्यायपालिका को प्रभावित करता है।
बेंच ने पूछा कि राजनीतिक दलों को कैसे रोका जा सकता है। जब भाटिया ने कहा कि मामला राजनीतिक दलों का नहीं है, तो बेंच ने सवाल किया कि फिर सब कुछ एक साथ क्यों जोड़ा गया है। बेंच ने कहा कि अगर ऐसे बयानों पर रोक जरूरी लगती है तो इसका रास्ता संसद है, जहां कानून बनवाया जा सकता है।
भाटिया ने उस घटना का जिक्र किया, जिसमें एक वकील ने कोर्टरूम में मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। उन्होंने बताया कि इस मामले में अवमानना का केस दूसरी बेंच के सामने लंबित है। इस पर बेंच ने कहा कि यह मामला भी उसी बेंच के सामने रखना उचित होगा और रजिस्ट्री कागजात CJI के सामने रखे, ताकि उचित आदेश पारित हो सके।
इससे पहले 18 नवंबर को जस्टिस दीपांकर दत्ता की अध्यक्षता वाली तीन जजों की बेंच ने सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन की उस याचिका पर नोटिस जारी किया था, जिसमें CJI के खिलाफ वकील की टिप्पणियों को लेकर अवमानना कार्रवाई की मांग की गई थी। एक अन्य मामले में 16 अक्टूबर को शिवसेना (UBT) के राज्यसभा सांसद संजय राउत और पत्रकार निखिल वागले को CJI और न्यायपालिका पर टिप्पणियों को लेकर आपराधिक अवमानना कार्यवाही में कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था।
