अंकिता भंडारी प्रकरण की सीबीआई जांच के सिलसिले में पूर्व विधायक सुरेश राठौर सोमवार को नार्को टेस्ट के लिए गुजरात रवाना हो गए। उनका नार्को टेस्ट 24 नवंबर को गांधीनगर में निर्धारित है। राठौर ने कहा कि उन्हें सीबीआई का नोटिस मिल चुका है और जांच एजेंसी की कार्रवाई पर उन्हें कोई आपत्ति नहीं है। वे अंकिता को न्याय दिलाने और प्रकरण की सच्चाई सामने लाने के लिए हर स्तर पर सहयोग करने को तैयार हैं।

गांधीनगर रवाना होने से पहले जारी बयान में राठौर ने बताया कि वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपना पक्ष रखने और जरूरी जानकारी उपलब्ध कराने के लिए तैयार हैं। उन्होंने सीबीआई जांच में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

अंकिता भंडारी प्रकरण में उठे सवालों के बीच प्रदेश सरकार ने सीबीआई जांच की सिफारिश की थी। इसके बाद एजेंसी ने जांच शुरू करते हुए संबंधित लोगों से पूछताछ की। सीबीआई की टीम हरिद्वार पहुंचकर सुरेश राठौर से पूछताछ कर चुकी है। वहीं, अभिनेत्री उर्मिला सनावर से भी जांच एजेंसी ने जानकारी जुटाई थी। जेल से बाहर आने के बाद उर्मिला ने देहरादून में सीबीआई के समक्ष अपने बयान दर्ज कराए थे।

दरअसल, प्रकरण से जुड़े कुछ ऑडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुए थे, जिनमें सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर के बीच बातचीत होने का दावा किया गया था। इसके बाद प्रदेश की सियासत में हलचल तेज हो गई थी। इस मामले में दोनों के खिलाफ हरिद्वार और देहरादून में मुकदमे भी दर्ज हुए थे।