देशभर में 24 नवंबर को गुरु नानक जयंती मनाई जा रही है। सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाशोत्सव के रूप में यह पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है। इसे गुरु नानक प्रकाश पर्व और गुरुपर्व भी कहा जाता है। इस अवसर पर गुरुद्वारों में नगर कीर्तन, कीर्तन, अरदास और लंगर के साथ अखंड पाठ का आयोजन किया जाता है।
सिख धर्म में अखंड पाठ का विशेष महत्व है। 'अखंड' का अर्थ है बिना रुके और 'पाठ' का अर्थ है धार्मिक ग्रंथ का वाचन। अखंड पाठ का मतलब है श्री गुरु ग्रंथ साहिब का आदि से अंत तक लगातार और बिना विराम के पाठ करना। इस दौरान गुरु ग्रंथ साहिब के सभी 1430 अंगों का पाठ किया जाता है, जिसे पूरा करने में लगभग 48 घंटे यानी दो दिन और दो रात लगते हैं। पाठ की शुरुआत से समापन तक वाचन एक पल के लिए भी नहीं रुकता, इसी कारण इसे अखंड पाठ कहा जाता है।
इस पाठ की खास बात यह है कि इसे एक व्यक्ति लगातार नहीं पढ़ता, बल्कि कई अनुयायी मिलकर इसे पूरा करते हैं। एक पाठक के बाद दूसरा व्यक्ति उसी क्रम को आगे बढ़ाता है और दो दिनों तक दिन-रात यह पाठ जारी रहता है। इस दौरान गुरुद्वारे में संगत उपस्थित रहती है और श्रद्धालु गुरबाणी सुनते हैं। मान्यता है कि पाठ सही नियमों और शुद्ध उच्चारण के साथ किया जाना चाहिए; इसका उद्देश्य इसे जल्दी पूरा करना नहीं, बल्कि श्रद्धा और ध्यान से सुनना भी है।
गुरु नानक जयंती पर अखंड पाठ गुरु साहिब की शिक्षाओं को स्मरण करने और उनके आध्यात्मिक संदेश से जुड़ने का माध्यम माना जाता है। यह परंपरा श्रद्धालुओं को नाम सिमरन, सेवा, सत्य और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। गुरु नानक देव जी ने एक ईश्वर, समानता, प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया और जाति-धर्म तथा ऊंच-नीच के भेदभाव का विरोध किया। इसी कारण अखंड पाठ के दौरान संगत एक साथ बैठकर गुरबाणी सुनती है, जिससे सामूहिक आध्यात्मिकता और एकता की भावना मजबूत होती है।
