गुरुग्राम पुलिस ने एपल कंपनी की ग्राहक सेवा का प्रतिनिधि बनकर अमेरिका और कनाडा के लोगों से करोड़ों रुपये की साइबर ठगी करने वाले एक फर्जी अंतरराष्ट्रीय कॉल सेंटर का पर्दाफाश किया है। गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड स्थित एम3एम डिजिटल ग्रीन इमारत में चल रहे इस कॉल सेंटर पर बुधवार रात छापा मारकर पुलिस ने 12 युवकों और पांच युवतियों समेत 17 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से 17 कंप्यूटर, छह लैपटॉप, पांच मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले अमेरिका में आइफोन इस्तेमाल करने वाले लोगों के मोबाइल पर पॉप-अप अलर्ट भेजते थे, जिसमें लिखा होता था कि उनके एपल अकाउंट से 5000 अमेरिकी डॉलर का ट्रांजेक्शन किया जा रहा है। ट्रांजेक्शन रुकवाने के लिए दिए गए नंबर पर संपर्क करने पर कॉल सेंटर के कर्मचारी खुद को एपल कस्टमर सर्विस का प्रतिनिधि बताकर अंग्रेजी में बातचीत करते थे। आरोपी बताते थे कि उनका एपल अकाउंट किसी दूसरे व्यक्ति ने एक्सेस कर लिया है और अकाउंट सुरक्षित करने के नाम पर टीमव्यूअर और कनेक्टवाइज जैसे रिमोट एक्सेस ऐप डाउनलोड करवाते थे।

इन ऐप्स के जरिये मोबाइल का एक्सेस लेकर आरोपी नाम, पता, ईमेल और अन्य निजी जानकारियां हासिल कर लेते थे। इसके बाद अतिरिक्त सुरक्षा उपलब्ध कराने के नाम पर 500 से 1000 अमेरिकी डॉलर तक वसूलते थे। ठगी की रकम गिफ्ट कार्ड और क्रिप्टो करेंसी के माध्यम से प्राप्त की जाती थी। कॉल सेंटर में काम करने वाले कर्मचारियों को 30 हजार से 50 हजार रुपये मासिक वेतन के अलावा कमीशन भी दिया जाता था।

गिरफ्तार आरोपितों की उम्र 25 से 30 वर्ष के बीच है और उनकी शैक्षणिक योग्यता 12वीं से स्नातक तक है। पुलिस पूछताछ में इस नेटवर्क के मुख्य संचालक दिल्ली के चिरगुदीन और शुभम के नाम सामने आए हैं। आरोपित पहले दिल्ली में कॉल सेंटर चलाते थे, फिर छह महीने तक उद्योग विहार में संचालन किया और पिछले दो महीने से एम3एम डिजिटल ग्रीन बिल्डिंग में ठिकाना बनाए हुए थे। थाना साइबर अपराध दक्षिण में बीएनएस और आईटी एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।