चीन के ग्वांगडोंग प्रांत का तटीय शहर शेन्जेन इस समय चर्चा में है, क्योंकि यहां अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की मुलाकात हुई है। रिपोर्ट के अनुसार यह मुलाकात 2026 में होने वाले 33वें एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (APEC) शिखर सम्मेलन के सिलसिले में हुई। शेन्जेन आज चीन का टेक हब है, जहां रेस्तरां में रोबोट खाना परोसते हैं, सड़कों पर इलेक्ट्रिक स्कूटर मिलते हैं और चौराहों पर रोबोपुलिस तैनात दिखती है।

शेन्जेन हांगकांग से सटा हुआ शहर है, जो ग्वांगडोंग प्रांत के दक्षिण में पर्ल नदी के मुहाने के पूर्वी किनारे पर बसा है। 1980 के आसपास यह मछुआरों और नमक बनाने वालों का गांव हुआ करता था। इस इलाके में बस्तियां सदियों पुरानी हैं और 1410 में मिंग राजवंश के दौरान शेन्जेन नाम का लिखित जिक्र मिलता है। 1949 में पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना की स्थापना के बाद यह क्षेत्र मुख्य रूप से बाओआन काउंटी के तहत आता था। जनवरी 1979 में बाओआन काउंटी को अपग्रेड करके शेन्जेन शहर बनाया गया और 26 अगस्त 1980 को इसे चीन का पहला विशेष आर्थिक क्षेत्र (SEZ) चुना गया।

1980 के दशक की शुरुआत में भारत और चीन की जीडीपी लगभग एक जैसी थी और 1990 तक भारत की प्रति व्यक्ति जीडीपी अधिक थी। 1978 में देंग शियाओपिंग द्वारा शुरू किए गए आर्थिक सुधारों के बाद चीन ने सख्त नियोजित अर्थव्यवस्था से दूरी बनाई, विशेष आर्थिक क्षेत्र खोले और विदेशी निवेश का स्वागत किया। उस दौर में भारत मिश्रित अर्थव्यवस्था के तहत काम कर रहा था, जो लाइसेंस राज, सख्त औद्योगिक लाइसेंसिंग, घरेलू बाजार पर केंद्रित व्यापार नीतियों और आयात नियंत्रणों के कारण सीमित थी।

1979 में लगभग 30,000 लोगों की आबादी वाला शेन्जेन अब 1.8 करोड़ से अधिक लोगों का शहर है। यह इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिक वाहनों और सॉफ्टवेयर का प्रमुख केंद्र है और हुआवेई जैसी कंपनियों से जुड़ा है। अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) के 2026 के अनुमानों के अनुसार नाममात्र जीडीपी के आधार पर चीन करीब 21.55 ट्रिलियन डॉलर के साथ दूसरे नंबर की अर्थव्यवस्था है, जबकि भारत 4.06 ट्रिलियन डॉलर के साथ छठे नंबर पर है।