पाकिस्तान ने बुधवार को 'फतह-3' सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल का सफल परीक्षण किया। पाकिस्तानी सेना के एक बयान के मुताबिक, यह मिसाइल लंबी दूरी के लक्ष्यों को बेहद सटीक तरीके से भेदने में सक्षम है। सेना का कहना है कि इससे रॉकेट फोर्स कमांड की परिचालन लचीलापन और मारक क्षमता बढ़ेगी तथा देश की पारंपरिक रक्षा क्षमता मजबूत होगी।

सेना के अनुसार, यह हथियार प्रणाली एडवांस्ड नेविगेशन और प्रोपल्शन सिस्टम से लैस है और सुपरसोनिक गति से लंबी दूरी के लक्ष्यों को सटीक तथा घातक तरीके से निशाना बना सकती है। परीक्षण के दौरान रॉकेट फोर्स कमांड के कमांडर, सशस्त्र बलों के वरिष्ठ अधिकारी तथा कई वैज्ञानिक और इंजीनियर मौजूद रहे।

राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी, प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, सेना प्रमुख और चीफ ऑफ डिफेंस फोर्सेज आसिम मुनीर तथा अन्य सैन्य प्रमुखों ने परीक्षण की सराहना की। उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान ने अक्टूबर में भी दो मिसाइलों का सफल परीक्षण किया था।

मई 2026 में सामने आई इस मिसाइल के डिजाइन कॉन्सेप्ट को ओपन-सोर्स विश्लेषक चीन की HD-1 मिसाइल से जोड़ते हैं। इसकी रेंज 290 से 450 किमी के बीच होने का अनुमान है, हालांकि पाकिस्तान ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है।