अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच गुरुवार को शेनजेन में 70 मिनट तक त्रिपक्षीय बैठक हुई। बैठक में परमाणु हथियारों को लेकर कोई ठोस समझौता नहीं हो सका। हालांकि, बैठक के बाद जारी संयुक्त 'शांति घोषणा' में तीनों देशों ने परमाणु जोखिम घटाने और परमाणु हथियारों के प्रसार को रोकने के लिए बातचीत जारी रखने का वादा किया।
चीनी सरकारी मीडिया के अनुसार, घोषणा में स्थिर ऊर्जा आपूर्ति के महत्व पर भी जोर दिया गया। साथ ही संयुक्त राष्ट्र में सुधार, जीवाश्म ईंधन के अधिक शोधन और अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय (आइसीसी) के अधिकार क्षेत्र को सीमित करने जैसे मुद्दों पर सहमति बनी।
बैठक से पहले ट्रंप ने शी और पुतिन को अपना मित्र बताते हुए कहा था कि तीनों देश परमाणु हथियारों की संख्या कम करने और उनके इस्तेमाल का खतरा घटाने में विशिष्ट भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने इसे इतिहास रचने वाला अवसर बताया और आइसीसी को 'मनमानी करने वाला वैश्विक संगठन' करार दिया। शी चिनफिंग ने विश्व शांति के लिए तीनों देशों के करीबी सहयोग की जरूरत बताई और कहा कि बड़ी शक्तियों को संवेदनशील मुद्दों पर एक-दूसरे की 'रेड लाइन' का उल्लंघन नहीं करना चाहिए। उन्होंने परमाणु मुक्त दुनिया की वकालत करते हुए परमाणु हथियारों पर पूरी तरह प्रतिबंध और उन्हें नष्ट करने की बात कही। पुतिन ने अंतरराष्ट्रीय शांति बनाए रखने को तीनों देशों की साझा जिम्मेदारी बताया।
बैठक के बाद तीनों नेताओं के बयानों में सकारात्मकता दिखी, लेकिन ठोस नतीजे सामने नहीं आए। शी ने वार्ता को सकारात्मक और रचनात्मक बताया, जबकि पुतिन ने इसे खुली और स्पष्ट चर्चा करार दिया। ट्रंप पत्रकारों से बातचीत किए बिना ही विला से निकलकर एयरफोर्स वन में सवार हो गए। इस बैठक को ट्रंप के लिए बड़ी कूटनीतिक उपलब्धि माना जा रहा था, क्योंकि अमेरिका के दो प्रमुख रणनीतिक प्रतिद्वंद्वियों के नेताओं को एक साथ बातचीत की मेज पर लाना अहम माना गया। विशेषज्ञों का मानना है कि इस बैठक को पूरी तरह बेकार नहीं कहा जा सकता; इससे भविष्य में परमाणु हथियारों की संख्या घटाने और जोखिम कम करने के लिए नियमित बातचीत का रास्ता खुल सकता है।
