अमेरिका में इमिग्रेशन नियमों में बदलाव के चलते हाई-स्किल भारतीय वर्कर्स के लिए वहां रहना मुश्किल होता जा रहा है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, गूगल में सॉफ्टवेयर इंजीनियर यश शर्मा ने पिछले महीने अमेरिका छोड़ने का फैसला किया है। वे छह साल से H-1B वीजा पर काम कर रहे हैं। उनका कहना है कि डोनाल्ड ट्रंप के दूसरे कार्यकाल के आधे पड़ाव तक पहुंचते-पहुंचते हाई-स्किल इमिग्रेंट्स के वीजा नियम लगातार बदले गए, जिससे अनिश्चितताएं बढ़ीं और नागरिकता मिलने की उम्मीदें कम हो गईं।

यश शर्मा ने कहा कि अमेरिका उन्हें अब सोने का पिंजरा लगता है। उन्हें सैन फ्रांसिस्को की जिंदगी और टेक सेंटर में काम करना पसंद है, लेकिन परमानेंट रेजिडेंसी पाने और वहां भविष्य बनाने के रास्ते लगभग बंद हो चुके हैं। वे अगले महीने ब्रिटेन जाने की तैयारी कर रहे हैं, जबकि वहां अभी उनके पास नौकरी नहीं है। उन्हें ऐसा वीजा मिला है जो देश में लंबे समय तक रहने की इजाजत देता है।

इस महीने हुए मिडटर्म चुनाव में ट्रंप सरकार को बड़ा झटका लगा है और डेमोक्रेटिक पार्टी का कांग्रेस पर कंट्रोल हो गया है। इसके बाद ट्रंप ने भी कहा है कि नौकरी करने वाले लोगों को डिपोर्ट करने के मामले में उनकी सरकार कुछ ज्यादा ही सख्त हो गई थी। लेकिन इस बात पर कम ध्यान दिया गया कि प्रशासन ने उन वीजा नियमों में भी फेरबदल किया है, जो सालों से ग्रेजुएट्स और हाई-स्किल्ड कर्मचारियों को कार्यबल में लाते रहे हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, नई ताकत पाने वाले विपक्ष के लिए ट्रंप के इन नियमों को पलटना आसान नहीं होगा, जिन्होंने उस इमिग्रेशन सिस्टम को काफी हद तक कमजोर कर दिया है जिसने अमेरिका को दुनिया के सर्वश्रेष्ठ इंजीनियरों और रिसर्चर्स की पसंद बनाया था। इसी हफ्ते डिपार्टमेंट ऑफ लेबर ने विदेशी कर्मचारियों को परमानेंट रेजिडेंसी के लिए स्पॉन्सर करने वाली कंपनियों के लिए और सख्त नियम प्रस्तावित किए हैं।