हापुड़ में कानून व्यवस्था मजबूत करने के उद्देश्य से एसपी मधुवन कुमार सिंह ने शुक्रवार को पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल किया। इसके तहत 76 उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र बदले गए, जिनमें आठ महिला उपनिरीक्षक भी शामिल हैं। कई चौकी प्रभारियों को हटाकर उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
एसपी ने हापुड़ नगर की गढ़ गेट चौकी के प्रभारी उपनिरीक्षक चेतन चौहान को पिलखुवा थाने की बस अड्डा चौकी का प्रभारी बनाया है। बाबूगढ़ थाने की मुदाफरा चौकी प्रभारी रोहित कुमार को सिंभावली थाने की वैट चौकी की जिम्मेदारी दी गई है। पिलखुवा की बस अड्डा चौकी प्रभारी राहुल कुमार को बहादुरगढ़ कस्बा चौकी प्रभारी बनाया गया है। पिलखुवा की सिखैड़ा चौकी प्रभारी वीरेंद्र सिंह को देहात थाने की दिनेश विद्यापीठ चौकी और बहादुरगढ़ थाने में तैनात अखिलेश कुमार को हापुड़ नगर की केशवनगर चौकी का प्रभारी बनाया गया है।
महिला उपनिरीक्षकों की तैनाती में भी बदलाव किया गया है। हापुड़ नगर में तैनात रेखा को पिलखुवा, रागिनी को धौलाना और सोनी यादव को हाफिजपुर थाने भेजा गया है। देहात थाने की मनीषा चाहर को सिंभावली और अंजली को पिलखुवा भेजा गया है। कपूरपुर में तैनात डोली यादव को देहात, हाफिजपुर में तैनात पीयूषी सिंह को देहात और महिला थाने की रंजना शर्मा को कपूरपुर थाने में नई तैनाती दी गई है।
एसपी ने बताया कि इनके अलावा जिले के विभिन्न थानों में तैनात 63 अन्य उपनिरीक्षकों को भी अलग-अलग थानों में स्थानांतरित किया गया है। पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यह फेरबदल किया गया है।
