हरियाणा की गैंगवार की घटनाओं में पश्चिमी उत्तर प्रदेश, खासकर बागपत के बदमाशों का कनेक्शन बार-बार सामने आ रहा है। पुलिस यह पड़ताल कर रही है कि हरियाणा और पश्चिमी यूपी के गिरोहों के बीच संपर्क सिर्फ अपराधियों की आवाजाही तक सीमित है या वारदातों के लिए साझा नेटवर्क भी काम कर रहा है।
जुलाई 2024 में सोनीपत के खरखौदा में हुई पुलिस मुठभेड़ में हिमांशु भाऊ गैंग के तीन बदमाश मारे गए थे। पुलिस के अनुसार उनके उत्तर प्रदेश से आने की सूचना मिली थी। दिसंबर 2024 में रोहतक के आईएमटी में मुठभेड़ में बागपत निवासी दीपक उर्फ फुर्तीला मारा गया, जिसके खिलाफ हरियाणा, यूपी और दिल्ली में 18 मुकदमे दर्ज थे।
दिसंबर 2025 में रोहतक के रिटौली गांव में शराब ठेके पर हुई फायरिंग में बागपत के मोहन उर्फ मोनू का नाम सामने आया। फरवरी 2026 में सांपला क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ के बाद उसे गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसे रिटौली फायरिंग का वांछित आरोपित बताया था।
नवंबर 2026 में रोहतक के खरावड़ बाईपास स्थित मिलन ढाबे पर हुई फायरिंग में बागपत के गांगनौली निवासी रवि राठी का नाम सामने आया है। पुलिस जांच के अनुसार हिमांशु भाऊ गैंग और रवि राठी गैंग के बीच करीब दो साल से संपर्क था। पुलिस ने बागपत जाकर छानबीन भी की है।
