हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन दोपहर बाद सदन में अचानक फायर अलार्म बजने लगा। धर्मशाला के तपोवन स्थित विधानसभा परिसर में यह घटना उस समय हुई जब नियम 67 के तहत चर्चा के दौरान भाजपा विधायक हरदीप सिंह बाबा बोल रहे थे। अलार्म बजते ही सुरक्षाकर्मी हरकत में आ गए और उन्होंने मोर्चा संभाल लिया।
लगभग एक मिनट तक अलार्म बजने के बाद वह अपने आप बंद हो गया। इस दौरान सदन में किसी तरह की हड़बड़ी नहीं मची और सभी सदस्य शांतिपूर्वक बैठे रहे। अलार्म बजने के दौरान भाजपा विधायक हरदीप सिंह बाबा को बोलने से रोका जा रहा था, लेकिन उन्होंने अपनी चर्चा जारी रखी।
सुरक्षाकर्मी अलार्म बजने की वजह की जांच कर रहे हैं। आशंका जताई जा रही है कि किसी के द्वारा धूम्रपान करने के कारण यह अलार्म बजा है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।
