हिमाचल प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के विधायकों ने प्रदेश सरकार पर बेशकीमती जमीन और सरकारी संपत्तियों को निजी हाथों में सौंपने का आरोप लगाते हुए विधानसभा परिसर के बाहर प्रदर्शन किया। भाजपा विधायक "जमीन की फर्जी रजिस्ट्रियां बंद करो" लिखे बैनर लेकर विधानसभा पहुंचे और सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। पार्टी ने कहा कि कांग्रेस सरकार जिस तरह सरकारी संपत्तियां निजी क्षेत्र को देने के फैसले ले रही है, उसका वह पुरजोर विरोध करती है।

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि बीबीएमबी बांध के संदर्भ में नेगोशिएशन के तहत दिल्ली सरकार से प्राप्त जमीन पर एक बड़ा भवन तैयार किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि हैरानी की बात है कि भवन के उद्घाटन से पहले ही उसे निजी क्षेत्र को देने का निर्णय कर लिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार लगातार ऐसे फैसले ले रही है, जिनसे हिमाचल की संपत्तियां निजी हाथों में जा रही हैं।

ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों का विरोध करते हुए स्पष्ट करना चाहती है कि हिमाचल को बिकने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि सरकार का रवैया ऐसा ही रहा तो वह विधानसभा को भी बेचने से पीछे नहीं हटेगी।

नेता प्रतिपक्ष ने सरकार से सवाल किया कि श्वेत पत्र लाने में देरी क्यों की जा रही है और सरकार किन तथ्यों को सामने रखने से बच रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की संपत्तियों और जमीन से जुड़े फैसलों पर सरकार को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए और भाजपा इस मुद्दे पर सरकार से जवाब मांगती रहेगी।