हिमाचल प्रदेश में मौसम साफ और शुष्क बना हुआ है, लेकिन सुबह-शाम की सर्दी और कोहरे ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 29 नवंबर तक प्रदेश में वर्षा या बर्फबारी के आसार नहीं हैं।

सुंदरनगर में दृश्यता 70 मीटर और बिलासपुर में 200 मीटर तक रही, जिससे वाहन चलाने में दिक्कत हुई। वाहन चालकों के लिए एडवायजरी जारी की गई है कि घने कोहरे में वाहन चलाने से परहेज करें और यदि आवश्यक हो तो संभलकर तथा तेज गति से वाहन न चलाएं।

प्रदेश में कुकुमसेरी सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान -3.0 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.6 डिग्री कम है। केलंग में 1.6 डिग्री की गिरावट के साथ न्यूनतम तापमान -2.0 डिग्री रहा। ताबो में 3.3 डिग्री की वृद्धि दर्ज हुई, फिर भी न्यूनतम तापमान -1.3 डिग्री रहा।

नवंबर में हर वर्ष मौसम शुष्क रहने पर सुबह के तापमान में गिरावट देखी जाती है। इन दिनों न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास है, जबकि अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री का अंतर है, जो कुछ स्थानों पर सामान्य से कम और कुछ में अधिक है।