असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर तंज कसते हुए आरोप लगाया है कि उन्होंने सोनिया गांधी की किताब के विमोचन कार्यक्रम में भी उन्हें शर्मिंदा कर दिया। सोमवार को सोनिया गांधी की किताब 'Belonging: A Journey of Love' का विमोचन हुआ, जिसमें झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय शामिल हुए थे।

सरमा ने लिखा, 'सॉरी मैडम, आपके जीवन के इतने खास मौके पर भी वह आपको शर्मिंदा होने से नहीं रोक पाए। देश को यह बहुत पहले ही समझ आ गया था। उम्मीद है अब आपको भी दिख जाएगा। यह प्रोडक्ट लॉन्च और री-लॉन्च की बात से काफी आगे बढ़ चुका है।' बता दें कि सरमा ने 2015 में कांग्रेस छोड़ी थी।

विमोचन समारोह में राहुल गांधी ने अपने माता-पिता सोनिया गांधी और राजीव गांधी के रिश्ते को याद करते हुए कहा कि मां मेरे पिता की थीं और मेरे पिता उनके थे। उन्होंने कहा कि मम्मी, पापा आपसे प्यार करते थे, लेकिन मैं आपको बता भी नहीं सकता कि उन्हें आप पर कितना गर्व होता। राहुल ने बताया कि मैं कैंब्रिज में अपनी गर्लफ्रेंड को उसी रेस्तरां में ले गया जहां मेरे माता-पिता पहली बार मिले थे। उन्होंने यह भी बताया कि उन्होंने अपने माता-पिता को केवल एक बार झगड़ते देखा था, जब उनके पिता फोन पर अमरिंदर सिंह से बात कर रहे थे।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सीआर केशवन ने पीटीआई वीडियो से कहा कि सोनिया गांधी की आत्मकथा का विमोचन कांग्रेस के लिए एक बेहद नुकसानदेह 'आत्मघाती कदम' साबित हुआ है, क्योंकि इस पुस्तक ने कांग्रेस के 'स्याह कुशासन और पुराने गलत कामों' को उजागर कर दिया है, जिनमें 1984 का सिख विरोधी नरसंहार और आपातकाल जैसी घटनाएं शामिल हैं। केशवन ने आरोप लगाया कि यह संस्मरण नेहरू-गांधी परिवार के नेतृत्व वाली कांग्रेस के राजनीतिक गलत कार्यों पर पर्दा डालने की सोची-समझी कोशिश प्रतीत होती है। भाजपा ने पुस्तक को पब्लिश करने की टाइमिंग पर भी सवाल उठाए हैं और इसे आगामी विधानसभा चुनावों से जोड़ा है। 2027 में उत्तर प्रदेश, पंजाब समेत 5 राज्यों में चुनाव होने हैं।