हिसार के उकलाना खंड स्थित गांव मदनपुरा में एक किसान के ट्यूबवेल कनेक्शन को अवैध बताकर उखाड़ने और फसल बर्बाद करने के आरोप में जेई अजमेर सिंह को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई हरियाणा के ऊर्जा मंत्री अनिल विज के आदेश पर की गई है। मंत्री को शिकायत मिलने के बाद आपरेशन शाखा के चीफ इंजीनियर को जेई को तुरंत सस्पेंड करने के निर्देश जारी किए गए थे। निलंबन के साथ जेई को अपने वर्तमान पोस्टिंग स्टेशन पर रोजाना हाजिरी देने का फरमान भी सुनाया गया है।
शिकायतकर्ता कृष्ण कुमार ने आरोप लगाया है कि उन्होंने 2008 में खेत में ट्यूबवेल के लिए बिजली कनेक्शन लिया था, जिसे अपग्रेड भी करवाया गया। 2023 में जमीन का एग्रीमेंट टू सेल करने के बाद उन्होंने संबंधित लाइनमैन और जेई को मौके पर सूचना दी। उनका कहना है कि कनेक्शन को एग्रीमेंट टू सेल के अनुसार दूसरी जमीन पर तब्दील कर दिया गया और वह समय पर बिल का भुगतान करते रहे।
शिकायतकर्ता के अनुसार, मई 2026 में निगम ने उन पर 30 हजार रुपये का जुर्माना लगाया, जिसका भुगतान भी उन्होंने कर दिया। आरोप है कि अक्टूबर 2026 में जेई, लाइनमैन, पुलिस और ड्यूटी मजिस्ट्रेट उनके खेत में पहुंचे और जारी कनेक्शन को अवैध बताया। नोटिस मांगने पर मना करने और ड्यूटी मजिस्ट्रेट द्वारा जुबान न खोलने के लिए कहने तथा गिरफ्तारी का डर दिखाने का भी आरोप है।
शिकायतकर्ता का यह भी आरोप है कि टीम ने कनेक्शन उखाड़ दिया और खेत में 15 एकड़ जमीन पर बोई जीरी की फसल भी बर्बाद कर दी। इस मामले की शिकायत उन्होंने ऊर्जा मंत्री अनिल विज को दी थी, जिसके बाद जेई के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई हुई।
