इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (IIT) कानपुर के पूर्व छात्र श्रीश जाधव ने शानदार करियर की संभावनाओं को छोड़कर संन्यास का रास्ता चुना और स्वामी सर्वोत्तमानंद के नाम से जाने गए। टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, श्रीश जाधव ने 1989 में कंप्यूटर साइंस में 99.92 परसेंटाइल के साथ GATE परीक्षा टॉप की थी और 1995 में इसी विषय में PhD की। उन्होंने सोशियोलॉजी को छोड़कर बाकी सभी विषयों में 'A' ग्रेड हासिल किया था और भारत में दूसरा तथा पश्चिमी जोन में पहला स्थान पाने के लिए 'सर्टिफिकेट ऑफ मेरिट' भी मिला था।
कॉर्पोरेट जगत या विदेश में मिलने वाले अवसरों को छोड़कर उन्होंने बेलूर मठ में रामकृष्ण मिशन का दामन थाम लिया और स्वामी सर्वोत्तमानंद बन गए। उन्होंने अरुणाचल प्रदेश के नरोत्तम नगर स्थित रामकृष्ण मिशन स्कूल में एक मानद शिक्षक के तौर पर शुरुआत की। IIT कानपुर के रिकॉर्ड के अनुसार, 1996-97 में उन्होंने रामकृष्ण मिशन शिल्पमंदिर में मानद लेक्चरर के रूप में पढ़ाया। 1997 से 2006 तक उन्होंने कंप्यूटर साइंस पढ़ाया और विभाग को चलाने में मदद की। बाद में वे रामकृष्ण मिशन विवेकानंद विश्वविद्यालय में डीन ऑफ रिसर्च और कंप्यूटर साइंस कोऑर्डिनेटर बने।
संन्यासी जीवन अपनाने के बाद भी उन्होंने अपनी बौद्धिक क्षमता नहीं छोड़ी। उनकी शोध रुचियों में कंप्यूटेशनल ज्यामिति, ग्राफ और ज्यामितीय एल्गोरिदम तथा एप्लाइड मैथमेटिक्स शामिल हैं। उनके बी.टेक प्रोजेक्ट को एक ACM जर्नल के लिए चुना गया था और उनका काम अंतरराष्ट्रीय जर्नलों, सम्मेलनों और कार्यशालाओं में भी शामिल रहा है।
समाज में उनके योगदान को देखते हुए 2009 में IIT कानपुर ने उन्हें 'डिस्टिंग्विश्ड एलुमनी अवार्ड' से सम्मानित किया। 1989 में शुरू किया गया यह पुरस्कार संस्थान द्वारा अपने पूर्व छात्रों को दिया जाने वाला सर्वोच्च सम्मान है। पूर्व छात्र कार्यालय भी उन्हें अपने सबसे प्रभावशाली पूर्व छात्रों में से एक मानता है।
