भारत-नेपाल सीमा पर इनरवा बॉर्डर पर दीप प्रज्वलन के साथ दोनों देशों की दोस्ती का संदेश दिया गया। इस मौके पर सैकड़ों भारतीय और नेपाली नागरिकों ने मिलकर दीपों से 'नेपाल-भारत संबंध अमर रहें' लिखा। कार्यक्रम में इनरवा बॉर्डर से चारपहिया वाहनों का परिचालन बहाल करने और छोटी भंसार व्यवस्था लागू करने की मांग जोरदार ढंग से उठी। स्थानीय लोगों के अनुसार चारपहिया वाहनों की आवाजाही बंद होने और छोटी भंसार व्यवस्था न होने से सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कार्यक्रम का शुभारंभ नेपाल के पर्सा क्षेत्र संख्या चार के संघीय सांसद टेक बहादुर शाक्य और इनरवा कैंप के इंस्पेक्टर उत्तम सिंह ने संयुक्त रूप से दीप जलाकर किया। इस अवसर पर भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री के हाथ मिलाते हुए बड़े-बड़े बैनर लगाए गए और दोनों देशों के राष्ट्रीय ध्वज लहराए गए। कार्यक्रम में सांस्कृतिक मैत्री के साथ सीमावर्ती क्षेत्र की आर्थिक जरूरतों पर भी चर्चा हुई। बाद में आतिशबाजी कर उत्साह मनाया गया।
नेपाल के सांसद टेक बहादुर शाक्य ने भरोसा दिलाया कि चारपहिया वाहनों का परिचालन बहाल करने और छोटी भंसार व्यवस्था लागू करने की दोनों मांगों को पूरा कराने की दिशा में जल्द पहल की जाएगी। उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल का संबंध केवल दो देशों के बीच का रिश्ता नहीं है, बल्कि यह सदियों पुराना बेटी-रोटी का नाता है। दोनों देशों के लोगों के बीच पारिवारिक, सामाजिक और सांस्कृतिक संबंध रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि नेपाल में नई सरकार बनने के बाद प्रधानमंत्री के भारत दौरे से दोनों देशों के रिश्ते और प्रगाढ़ होंगे।
सीमावर्ती लोगों को उम्मीद है कि छोटी भंसार व्यवस्था शुरू होने से व्यापारिक गतिविधियों में सहूलियत मिलेगी और चारपहिया वाहनों का परिचालन शुरू होने से दोनों ओर के लोगों की आवाजाही आसान हो सकेगी। कार्यक्रम में कृष्णमोहन यादव, जगदीश पटेल, सुशील पटेल, रजनीश कुशवाहा, उदित पटेल, विनय साह, कृष्णा साह, राहुल कुमार, नसरुल्लाह मियां और नवल यादव सहित दोनों देशों के सैकड़ों नागरिक मौजूद रहे।
