दोहा में एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के इंडिया ए और पाकिस्तान ए मुकाबले में मैदान पर तनाव देखने को मिला। पाकिस्तानी पारी के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों में बहस हुई, जो भारत की पारी में भी जारी रही। इंडिया ए के लिए 10वें नंबर पर उतरे हर्षित राणा खाता नहीं खोल पाए। मोहम्मद इमरान रंधावा के खिलाफ छक्का मारने की कोशिश में वह बाउंड्री लाइन पर लपक लिए गए।
हर्षित राणा के आउट होकर पवेलियन जाने के दौरान पाकिस्तानी खिलाड़ी उनसे भिड़ने की कोशिश कर रहे थे। कई खिलाड़ी सेंड-ऑफ देने उनके करीब पहुंचे, लेकिन सबसे ज्यादा जोश में सुफियान मुकीम नजर आए। वह हर्षित के काफी करीब पहुंच चुके थे और अली रजा के साथ अंपायर ने उन्हें दूर किया। इसके बाद नॉन स्ट्राइकर एंड पर मौजूद तिलक वर्मा के साथ भी मुकीम की बहस हो गई। पाकिस्तान के कप्तान अब्दुल समद ने मुकीम को धक्का देकर दूर भेज दिया।
वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में पाकिस्तान ए ने इंडिया ए को 48 रन से हराया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ए 49.2 ओवरों में 313 रन पर सिमट गई, जिसमें हसन नवाज ने सबसे ज्यादा 79 रन बनाए। जवाब में इंडिया ए की पारी आखिरी ओवर में 265 रनों पर सिमट गई। टीम के टॉप-7 बल्लेबाजों में सिर्फ अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा ही 15 रनों का आंकड़ा पार कर पाए। तिलक वर्मा ने 149 गेंद पर 100 रन बनाए, जबकि अभिषेक शर्मा ने 42 गेंदों पर 70 रन की पारी खेली।
इस जीत के साथ पाकिस्तान ने ग्रुप-बी की प्वाइंट्स टेबल में पहला स्थान हासिल कर लिया है।
