मेक्सिको सिटी। मेक्सिको के सिनालोआ राज्य में कुख्यात ड्रग लॉर्ड फाउस्टो इसिड्रो मेजा फ्लोरेस उर्फ एल चापो इसिड्रो की गिरफ्तारी के बाद भड़की हिंसा में अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है। मेक्सिको स्पेशल फोर्सेज ने कई हफ्तों की योजना के बाद उसे गुआसावे में एक कंपाउंड से पकड़ा। वह अमेरिकी जांच एजेंसी एफबीआई की 10 मोस्ट-वांटेड सूची में शामिल बदनाम कार्टेल लीडर है। गिरफ्तारी के बाद गुआसावे में सेना और गिरोह के बंदूकधारियों के बीच भीषण गोलीबारी हुई और ट्रकों तथा कारोबारी प्रतिष्ठानों में आग लगा दी गई। रक्षा मंत्रालय के अनुसार इन झड़पों में सात संदिग्ध गिरोह सदस्य और चार सैनिक मारे गए। बड़े पैमाने पर आम लोगों के घायल होने की खबरें भी हैं और कई घरों व दुकानों को भारी नुकसान पहुंचा है।
मेजा फ्लोरेस पहले बेल्ट्रान लेवा गिरोह का नेतृत्व करता था और बाद में अपने आपराधिक संगठन मेजा-फ्लोरेस ट्रांसनेशनल क्रिमिनल ऑर्गनाइजेशन का प्रमुख बन गया। यह समूह 2013 से अलग काम कर रहा है। अमेरिका ने उसकी गिरफ्तारी में मददगार सूचना देने पर पांच करोड़ डॉलर का इनाम घोषित किया था। उस पर अमेरिका में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध हथियार रखने के आरोप हैं।
मैक्सिकन सेना के अनुसार उसे पहले भी दो बार पकड़ने की कोशिश की गई थी, लेकिन सफलता नहीं मिली। इस ऑपरेशन में नेशनल गार्ड की स्पेशल फोर्स, नेशनल आर्मी और अमेरिकी खुफिया एजेंसियां शामिल थीं। द न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक अमेरिकी एजेंसियों ने उसके छिपने वाले इलाके की रेकी के लिए ड्रोन उड़ाए और उसकी बातचीत इंटरसेप्ट की। एजेंसियों ने उसकी मां, पत्नी और बहन के साथ हुए टेक्स्ट मैसेज भी पढ़े। शुक्रवार को फोन और रेडियो कम्युनिकेशन तथा ड्रोन सर्विलांस की मदद से उसे गुआसावे में एक घर में ट्रैक किया गया।
द टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार छापेमारी के दौरान कार्टेल सदस्यों से गोलीबारी शुरू होने पर जॉइंट स्पेशल फोर्स की एलीट आर्मी यूनिट के दो दर्जन से अधिक अंडरकवर सैनिकों ने उसकी लोकेशन पर धावा बोला। इस दौरान दो मैक्सिकन ब्लैक हॉक हेलीकॉप्टरों और आर्मर्ड पिक-अप ट्रकों से भी फायरिंग की गई। बाद में स्पेशल फोर्सेज ने उसे पकड़ लिया। अधिकारियों ने लॉस मोचिस में दो डायवर्जन प्लान भी बनाए थे। घर के ऊपर दो हेलीकॉप्टर मंडराने के बाद लॉस मोचिस की तरफ बढ़ने से कार्टेल के लड़ाकों को लगा कि उसे वहां ले जाया जा रहा है। इसी बीच स्पेशल फोर्स उसे आर्मर्ड गाड़ी में गुआसावे से बाहर ले गई।
