पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मसूद मलिक ने 22 नवंबर को राजधानी में आयोजित पहले एससीओ सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम में पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया। इस दौरान उनसे भारत में हुए आतंकी हमलों और पाकिस्तान की भूमिका से जुड़े सवाल पूछे गए। एक पत्रकार द्वारा आतंकवाद पर सवाल किए जाने पर मलिक चिढ़ गए और कहा, 'इतना ऊंची आवाज में क्यों बात कर रहे हैं भाई।'

मलिक ने सवालों का सीधा जवाब देने के बजाय आतंकवाद से जुड़े आरोपों पर सबूत मांगे। उन्होंने आतंकवाद को पूरे क्षेत्र की समस्या बताया और कहा कि इस मुद्दे पर चर्चा सबूतों के आधार पर होनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि पाकिस्तान के हजारों नागरिक भी कट्टरपंथ और आतंकवाद का शिकार हुए हैं और उनकी सरकार अपने नागरिकों की सुरक्षा पर ध्यान दे रही है। भारत की ओर से पाकिस्तान में मौजूद आतंकी नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर उन्होंने कोई साफ जवाब नहीं दिया।

पाकिस्तानी मंत्री ने कहा कि आतंकवाद का स्थायी समाधान निकालने के लिए बातचीत का रास्ता अपनाना होगा और दोनों देश आपस में बैठकर अपने-अपने सबूत पेश कर सकते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग समाधान खोजने के बजाय उकसाने की कोशिश करते हैं। मलिक ने कहा कि पाकिस्तान कई मंचों पर भारत के साथ बातचीत का प्रस्ताव रख चुका है।

उधर, भारत लंबे समय से स्पष्ट करता रहा है कि आतंकवाद और बातचीत साथ-साथ नहीं चल सकते। भारत सीमा पार से होने वाले आतंकवाद और उसे मिलने वाले सरकारी समर्थन को अपनी सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा मानता है। रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 12 वर्षों में देश ने आतंकवाद से निपटने के लिए कानूनी व्यवस्था मजबूत करने, सुरक्षा एजेंसियों के बीच तालमेल बढ़ाने और खुफिया सूचनाओं को साझा करने की व्यवस्था में सुधार जैसे कदम उठाए हैं।