कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने रविवार को कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय बातचीत तभी शुरू हो सकती है, जब पाकिस्तान अपनी जमीन पर सक्रिय आतंकवादी ढांचे को खत्म करे। उन्होंने कहा कि जब किसी के सिर पर बंदूक तनी हो, तो कोई उससे बात नहीं करना चाहता और हम भी ऐसा नहीं करेंगे। थरूर ने यह बयान पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मसूद मलिक के भारत दौरे के दौरान दिया। मलिक 20 से 22 नवंबर तक नई दिल्ली में आयोजित SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम में शामिल होने आए थे। तीन साल में यह किसी पाकिस्तानी मंत्री की पहली भारत यात्रा है।

ऑपरेशन सिंदूर के दौरान चीन की ओर से पाकिस्तान को सैन्य मदद की एक अमेरिकी पैनल रिपोर्ट पर थरूर ने कहा कि इस जानकारी पर पिछले साल ऑपरेशन के दौरान ही चर्चा हो रही थी। उन्होंने कहा कि सरकार ने भले ही इस बारे में सार्वजनिक रूप से बात नहीं की हो, लेकिन उस समय दो बातें सामने आई थीं। पहली, पाकिस्तानी कमांड और कंट्रोल सेंटरों में चीनी इंजीनियर और अधिकारी मौजूद थे। दूसरी बात चीन की ओर से पाकिस्तान को रियल-टाइम सैटेलाइट इंटेलिजेंस दिए जाने की थी। यह जानकारी उन्हें सेना के निवर्तमान उप प्रमुख के बयान से मिली थी।

प्रधानमंत्री मोदी की कॉरपोरेट कंपनियों पर की गई टिप्पणी पर थरूर ने कहा कि प्रधानमंत्री ने एक वास्तविक स्थिति की ओर इशारा किया है। दो दिन पहले FICCI कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया था कि कंपनियां कॉरपोरेट टैक्स में कटौती का फायदा अपने पास रख रही हैं। थरूर ने कहा कि सरकार ने कंपनियों को ज्यादा निवेश, रोजगार बढ़ाने और वेतन बढ़ाने के लिए टैक्स कम किया था और प्रधानमंत्री का तर्क है कि कंपनियों ने अपनी जिम्मेदारी पूरी नहीं की।

थरूर ने कहा कि लोग बताते हैं कि नौकरी पाना बहुत मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि पहली बार IIT से पढ़े किसी छात्र को भी प्लेसमेंट नहीं मिलने की बात सामने आई है। उन्होंने कहा कि इससे पता चलता है कि खासकर कॉलेज से पढ़कर निकलने वाले युवाओं के लिए रोजगार का माहौल बहुत खराब है। थरूर ने नियमों को आसान बनाने और कारोबार करना आसान बनाने की जरूरत बताई। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार बढ़ गया है और सरकार को अर्थव्यवस्था पर ज्यादा ध्यान देना चाहिए।